भारत 2017 तक तैयार कर लेगा सुपर कंप्यूटर

भारत 2017 तक तैयार कर लेगा सुपर कंप्यूटर

नई दिल्ली : सरकार ने अगली पीढ़ी के सुपर कंप्यूटरों की रूपरेखा तैयार की है। ये सुपर कंप्यूटर मौजूदा मशीनों से 61 गुना तेज होंगे। बताया जाता है कि दूरसंचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री कपिल सिब्बल ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र लिखकर ‘पेटाफ्लॉप और एक्साफ्लॉप सुपर कंप्यूटरों की रेंज’ की रूपरेखा के बारे में जानकारी दी है। इन कंप्यूटरों का विकास अगले पांच साल में 4,700 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा।

पत्र में सिब्बल ने कहा कि सी-डीएसी ने पेटाफ्लॉप और एक्साफ्लॉप रेंज के सुपर कंप्यूटर देश में विकसित करने की रूपरेखा का प्रस्ताव तैयार किया है। पेटाफ्लॉप कंप्यूटर की गति मापने का मापक है। इस तरह के कंप्यूटर की गति काफी तेज होगी। वहीं एक एक्साफ्लॉप एक पेटाफ्लॉप से हजार गुना तेज होता है। दुनिया का सबसे तेज कंप्यूटर सिक्योइया है। इसकी सबसे तेज कंप्यूटिंग गति 16.32 पेटाफ्लॉप है। यह 7.8 लाख हाई एंड लैपटॉप की कुल कंप्यूटिंग गति के बराबर है।

अधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार एक्साफ्लॉप सुपर कंप्यूटरों के विनिर्माण को मंजूरी दे देती है, तो इसकी गति दुनिया के सबसे तेज कंप्यूटर से 61 गुना अधिक होगी। फिलहाल, भारत का शीर्ष सुपर कंप्यूटर वैश्विक स्तर पर कंप्यूटिंग गति के मामले में 58वें स्थान पर है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, September 16, 2012, 19:03

comments powered by Disqus