भारत को जारी रखना होगा ढांचागत सुधार : एडीबी

भारत को जारी रखना होगा ढांचागत सुधार : एडीबी

भारत को जारी रखना होगा ढांचागत सुधार : एडीबीग्रेटर नोएडा : एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने आज कहा कि भारत को दीर्घकाल में 8 से 9 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि के रास्ते पर लौटने के लिए ढांचागत सुधारों की दिशा में निरंतर काम करना चाहिए और निवेश बढ़ाना चाहिए।

एशियाई विकास बैंक के प्रबंध निदेशक रजत नाग ने मीडिया सम्मेलन में कहा, ‘भारत की दिशा सही है। ढांचागत सुधार जारी रहना चाहिए। अगर निवेश सही दिशा में रहता है, राजकोषीय घाटा कम होता है और जीएसटी संसद में पारित होता है तो भारत 8 से 9 प्रतिशत वृद्धि दर के रास्ते पर लौट सकता है।’ नाग ने कहा कि एडीबी का अनुमान है कि चालू वित्त वर्ष में देश की आर्थिक वृद्धि दर 6 प्रतिशत तथा 2014-15 में 6.5 प्रतिशत रहेगी। देश में वृद्धि पूरी तरह घरेलू मांग पर आधारित है, लेकिन आपूर्ति बाधा बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि निवेश से संबद्ध मंत्रिमंडलीय समिति द्वारा बड़ी परियोजनाओं को त्वरित मंजूरी, चीनी के दामों को आंशिक रूप से नियंत्रणमुक्त किए जाने तथा अन्य उपायों से निवेश माहौल में सुधार होगा जिसका देश की वृद्धि पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। आधिकारिक अनुमान के अनुसार देश की आर्थिक वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष में 6.1 से 6.7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। हालांकि रिजर्व बैंक ने आर्थिक वृद्धि 5.7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है।

नाग ने कहा कि चालू खाते का घाटा चालू वित्त वर्ष में 4.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है और 2014-15 में यह 4 प्रतिशत पर आ सकता है। एडीबी के अनुमान के अनुसार 2012-13 में चालू खाते का घाटा 5 प्रतिशत से अधिक रहेगा। मुद्रास्फीति के बारे में नाग ने कहा कि खाद्य वस्तुओं की कीमत का दबाव कम होना चाहिए। थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति मार्च में 5.96 प्रतिशत रही लेकिन खाद्य मुद्रास्फीति दोहरे अंक में बनी हुई है। (एजेंसी)

First Published: Friday, May 3, 2013, 21:01

comments powered by Disqus