Last Updated: Saturday, April 20, 2013, 14:38
मुंबई : अनिल अंबानी समूह की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस की सहायक कंपनी रिलायंस ग्लोबलकॉम लिमिटेड के अधिग्रहण के लिए कुछ वैश्विक पीई (प्राइवेट इक्विटी निवेश) फर्मो के साथ बातचीत आखिरी दौर में पहुंच गयी है। इन फर्मों में समेना कैपिटल, प्रॉविडेंस और कार्लाइल जैसी कंपनियों के नाम शामिल हैं। रिलायंस ग्लोबलकॉम के पास समुद्री दूरसंचार केबल का परिचालन करने वाली फर्म फ्लैग टेलीकॉम का स्वामित्व है।
आरकाम ने शेयर बाजरों को इस बारे में सूचित कर दिया है। कंपनी ने वैधानिक सूचना में कहा है, ‘‘समेना कैपिटल कुछ अन्य वैश्विक पीई कोषों के साथ प्रस्तावित कंसोर्टियम रिलायंस ग्लोबलकॉम की संपत्तियों और देनदारियों की विधिवत जांच कर रही है और यह प्रक्रिया आखिरी दौर में पहुंच चुकी है।’’ यह सौदा मई के आखिर तक सम्पन्न हो सकता है।
रिलायंस ग्लोबलकॉम के लिए इससे पहले बहरीन टेलीकॉम :बटेल्को: के साथ बातचीत चल रही थी। सूत्रों ने कहा कि पीई फर्मो का प्रस्तावित गठबंधन ज्यादा दाम देने की पेशकश कर रहा है और वह सौदा जल्द सम्पन्न करने के पक्ष में है। यह सौदा 1 से 1.2 अरब डालर के बीच का हो सकता है।
कंपनी ने शेयर बाजारों को दिये गये वक्तव्य में कहा है, ‘‘अभी निश्चित तौर पर यह नहीं कह सकते कि सौदा पक्का हो ही जाएगा। इस मामले में आगे जब भी उचित समझा जाएगा, अन्य जानकारी दी जाएगी।’’ इसमें यह भी कहा गया है, ‘‘आरकाम और समेना कैपिटल इस मामने में अब बटेल्को से आगे कोई बातचीत नहीं कर रही हैं।’’ (एजेंसी)
First Published: Saturday, April 20, 2013, 14:38