Last Updated: Monday, January 9, 2012, 14:54
मुंबई : सत्यम कंप्यूटर सर्विसेज ने सोमवार को कहा कि उसने अपने पूर्व निदेशकों, कुछ कर्मचारियों और कंपनी लेखा परीक्षक प्राइस वाटरहाउस कूपर्स के खिलाफ हैदराबाद की एक अदालत में मामला दायर कर धोखाधडी से हुए नुकसान की भरपाई करने को कहा है। सत्यम कंप्यूटर को अब महिन्द्रा सत्यम के नाम से जाना जाता है।
कंपनी ने बंबई शेयर बाजार को भेजी सूचना में कहा है कि कंपनी ने हैदराबाद की एक अदालत में कंपनी के पूर्व निदेशकों, कुछ कर्मचारियों और कंपनी के पूर्व लेखापरीक्षक प्राइस वाटरहाउस कूपर्स उनके सहयोगियों और भागीदारों के खिलाफ मामला दायर किया है। कंपनी ने धोखाधड़ी , दायित्व का भरोसा तोड़ने, अपने दायित्वों और कर्तव्यों को नजरंदाज करने से हुए नुकसान की भरपाई का दावा भी किया है।
सत्यम कंप्यूटर को वर्ष 2009 में महिन्द्रा समूह ने अधिग्रहीत कर लिया था और इसका नाम बदलकर महिन्द्रा सत्यम कर दिया। सत्यम् कंप्यूटर के संस्थापक अध्यक्ष रामलिंग राजू द्वारा कंपनी में 14,000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी स्वीकार किए जाने के बाद यह अधिग्रहण हुआ।
(एजेंसी)
First Published: Monday, January 9, 2012, 20:24