Last Updated: Thursday, April 18, 2013, 16:10

नई दिल्ली : वैश्विक बाजारों में हल्के सुधार के संकेतों को परिलक्षित करते हुये मार्च में देश के निर्यात में 6.97 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई जिसकी बदौलत 2012.13 में कुल निर्यात 300.6 अरब डालर के आंकड़े को छू गया। हालांकि, इसके बावजूद पिछले वर्ष की तुलना में कुल निर्यात 1.76 प्रतिशत कम रहा।
मार्च माह में 30.8 अरब डालर का निर्यात किया गया जबकि एक साल पहले इस महीने में 28.8 अरब डालर का निर्यात किया गया था। इस कैलेंडर वर्ष में लगातार तीसरे महीने निर्यात कारोबार में वृद्धि हासिल की गई। इससे निर्यात बाजारों में कुछ सुधार की उम्मीद बंधी है।
मार्च 2013 में आयात में हालांकि, 2.87 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और 41.16 अरब डालर का आयात किया गया। इससे मार्च में 10.31 अरब डालर का व्यापार घाटा रहा। इस साल जनवरी में व्यापार घाटा 20 अरब डालर तक पहुंच गया था।
बहरहाल, वर्ष 2012.13 में व्यापार घाटा बढ़कर 190.91 अरब डालर तक पहुंच गया। इससे पिछले वर्ष यह 183.3 अरब डालर रहा था। मार्च 2013 में समाप्त वित्त वर्ष में 300.6 अरब डालर का निर्यात किया गया जबकि 492 अरब डालर का आयात हुआ।
सरकार ने निर्यात के मोर्चे पर छाई सुस्ती को दूर करने के लिये विदेश व्यापार नीति की समीक्षा करते हुये इसमें कई उपायों की घोषणा की है। निर्यातकों की सबसे प्रिय योजना निर्यात संवर्धन की पूंजीगत सामान (ईपीसीजी) का विस्तार करते हुये इसे सभी क्षेत्रों में लागू किया गया है और विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) को भी प्रोत्साहनों की घोषणा की गई है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, April 18, 2013, 16:10