Last Updated: Sunday, June 10, 2012, 11:37

ब्रुसेल्स : यूरोजोन के वित्त मंत्रियों ने तय किया है कि स्पेन के बैंकों को 100 अरब यूरो तक का कर्ज दिया जा सकता है। स्पेन के वित्त मंत्री लुई दी ग्विदोस ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ये मदद सकारात्मक कर्ज के तौर पर दी जाएगी। ये ग्रीस, आयरलैंड और पुर्तगाल की तर्ज पर दिया जाने वाला राहत पैकेज नहीं है।
मालूम हो कि यूरो जोन की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था स्पेन के लगभग एक-तिहाई बैंक प्रॉपर्टी बाजार के ध्वस्त होने से खराब कर्ज यानी न लौटाए जाने वाले कर्ज से जूझ रहे हैं। स्पेन ने यूरो जोन से गुहार लगाई है कि मुश्किल में पड़े उसके बैंकों को मुसीबत से उबारने के लिए वित्तीय सहायता दी जाए। शनिवार को भारतीय समयानुसार देर रात तक चली आपात बैठक के बाद यूरो जोन देशों में स्पेन के बैंकों को 100 अरब यूरो का कर्ज देने पर सहमति बनी।
स्पेन का वित्तीय क्षेत्र ग्रीस की तरह अत्यधिक सरकारी खर्चों की वजह से संकट में नहीं फंसा है बल्कि उसके बैंक जमीन से जुड़े कारोबार का बुलबुला फटने से मुसीबत में फंसे हैं। बैंकों की ओर से दिए गए बहुत से ऐसे कर्ज हैं जिनकी वापसी की उम्मीद न के बराबर है। स्पेन तीन साल के भीतर दूसरी बार मंदी का शिकार बना है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, June 10, 2012, 11:37