हड़ताली पायलटों पर फैसला प्रबंधन को करना है: सरकार

हड़ताली पायलटों पर फैसला प्रबंधन को करना है: सरकार

नई दिल्ली: सरकार ने आज कहा कि यह तय करना एयर इंडिया के प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि काम करने के बजाय हड़ताल कर रहे पायलटों को कब तक उनके पे-रोल पर रखा जा सकता है।

नागरिक उड्डयन मंत्री अजित सिंह ने कहा ‘अब जो करना है वह एयर इंडिया के प्रबंधन को करना है। 30 दिन से भी अधिक समय से पायलट काम पर नहीं आ रहे हैं। यह एक अवैध हड़ताल है। उन्होंने उच्च न्यायालय के आदेश का उल्लंघन किया है।’

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा ‘हमने उनसे बार बार काम पर आने का अनुरोध किया। इसलिए अब प्रबंधन यह तय करेगा कि जब वह काम नहीं कर रहे हैं तो उन्हें उनके पे रोल पर कब तक रखा जा सकता है। और उनका इरादा काम पर वापस आने का नहीं है।’

इंडियन पायलट्स गिल्ड से जुड़े एयर इंडिया के करीब 400 पायलट सात मई से हड़ताल पर हैं और 101 पायलटों की सेवा समाप्त की जा चुकी है।

सरकारी एयरलाइन के सूत्रों ने कहा है कि शेष 300 पायलटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि उन्हें बर्खास्त किया जा सकता है। (एजेंसी)

First Published: Monday, June 11, 2012, 11:04

comments powered by Disqus