Last Updated: Friday, March 30, 2012, 17:15
जोहान्सबर्ग : द न्यू ऐज फ्रेंडशिप कप के एकमात्र दोस्ताना टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका 11 रन से विजयी रहा। बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हो सका और औसत में पीछे रहने की वजह से भारत हार गया। भारत ने 220 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकमात्र टी-20 क्रिकेट मैच में आज यहां बारिश के व्यवधान तक 7.5 ओवर में 71 रन बनाए। बारिश के व्यवधान के समय गौतम गंभीर 28 गेंद पर 49 रन और रोबिन उथप्पा 19 गेंद पर 18 रन बनाकर खेल रहे थे। भारत को अब भी जीत के लिये 12.1 ओवर में 149 रन की दरकार है। दक्षिण अफ्रीका ने इससे पहले चार विकेट पर 219 रन बनाए थे।
इससे पहले अनुभवी जाक कैलिस और युवा बल्लेबाज कोलिन इंग्राम की अगुवाई में दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने आज यहां भारतीय गेंदबाजी की धज्जियां उड़ाकर एकमात्र टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 4 विकेट पर 219 रन का विशाल स्कोर बनाया। कैलिस ने 42 गेंद पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 61 जबकि इंग्राम ने 50 गेंद पर आठ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 78 रन बनाए। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिये 13.2 ओवर में 119 रन की रिकार्ड साझेदारी भी की।
अपना पहला मैच खेल रहे फरहान बेहरडीन (नाबाद 20), जस्टिन ओनटोंग (22), रिचर्ड लेवी ( आठ गेंद पर 19) और एल्बी मोर्कल (तीन गेंद पर नाबाद 16 रन) ने भी उपयोगी योगदान दिया। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने कामचलाउ गेंदबाजों पर अधिक भरोसा दिखाया। उन्होंने रिकार्ड आठ गेंदबाजों का उपयोग किया। सुरेश रैना ने दो विकेट लिए लेकिन इसके लिए उन्होंने 49 रन लुटाए। उन्होंने पारी के आखिरी ओवर में 26 रन दिए जिससे दक्षिण अफ्रीका आखिरी चार ओवर में 71 रन ठोकने में सफल रहा।
भारत ने टास जीतकर दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इरफान पठान ने मैच के दूसरे ओवर में ही रिचर्ड लेवी के तूफानी तेवरों को ठंडा करके भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। उनकी जगह पर उतरे इंग्राम ने चौके से शुरुआत की जिससे दो ओवर में स्कोर 27 रन हो गया। प्रवीण की जगह तीसरा ओवर करने आये विनय कुमार ने इस ओवर में केवल दो रन दिए लेकिन उनके अगले ओवर में कैलिस ने कवर और मिड ऑन पर चौके जमाए। इस अनुभवी बल्लेबाज ने यूसुफ पठान का स्वागत लांग आन पर छक्का जड़कर किया। धोनी ने गेंदबाजी में लगातार बदलाव किये लेकिन वे दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को रन जुटाने से नहीं रोक पाये।
आलम यह था कि 12 ओवर तक सात गेंदबाजों का उपयोग कर दिया गया था। इंग्राम ने अश्विन की गेंद को डीप मिडविकेट पर छह रन के लिये भेजा तो कैलिस ने यही सबक रोहित को सिखाकर धोनी की परेशानी बढ़ा दी। इस छक्के से दक्षिण अफ्रीका ने केवल 11.2 ओवर में 100 रन भी पूरे किए। धोनी ने आठवें गेंदबाज के तौर पर विराट कोहली को याद किया और कैलिस ने उन पर लगातार तीन चौके जड़कर इस ओवर में कुल 15 रन बटोरे। इंग्राम ने कोहली के इस ओवर में एक रन लेकर टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया जबकि अगली गेंद पर कैलिस इस मुकाम पर पहुंचे। यह उनका इस प्रारूप में पांचवां अर्धशतक है।
कैलिस 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए और तब स्कोर 141 रन था। इंग्राम ने इसके बाद विनय कुमार की लगातार तीन गेंद पर एक छक्का और दो चौके लगाए। रैना के अगले ओवर में रोहित ने ड्राइव लगाकर बेहतरीन कैच से इंग्राम की पारी का अंत किया। यह पारी का उनका तीसरा कैच था। रैना का पारी का आखिरी ओवर घटना प्रधान रहा। इसमें पहली दो गेंद पर ओनटोंग ने चौका और छक्का लगाया जबकि तीसरी गेंद पर वह बोल्ड हो गए। नए बल्लेबाज मोर्कल ने आखिरी तीन गेंद पर दो छक्के और एक चौका जड़ा।
(एजेंसी)
First Published: Saturday, March 31, 2012, 09:20