20 देश भाग लेंगे भारतीय कुश्ती ग्रांप्री में - Zee News हिंदी

20 देश भाग लेंगे भारतीय कुश्ती ग्रांप्री में



नई दिल्ली : मंगोलिया, कोरिया, उज्बेकिस्तान, जापान, रूस और कोरिया सहित दुनिया के चोटी के 20 देश यहां इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में 25 से 27 मई के बीच होने वाली पहली भारतीय कुश्ती ग्रां प्री में भाग लेंगे।

 

भारतीय कुश्ती महासंघ के महासचिव राजसिंह के अनुसार इस एक लाख डॉलर इनामी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिये अब तक 20 देशों ने पुष्टि कर दी है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, इसको अंतरराष्ट्रीय महासंघ (फीला) से मंजूरी मिल गयी है तथा इसे ओलंपिक क्वालीफायर्स और ओलंपिक के बीच आयोजित कराया जाएगा। इससे पहलवानों को ओलंपिक की तैयारियां करने का मौका मिलेगा।

 

फीला के नियमों के हिसाब से आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग में फ्रीस्टाइल के मुकाबले होंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष और एशियाई कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने कहा कि भारत में पहली बार आयोजित की जा रही इस ग्रां प्री में स्वर्ण पदक विजेता को 3000 डॉलर, रजत पदक विजेता को 2000 डॉलर और कांस्य पदक विजेता को 1000 डॉलर की इनामी राशि दी जाएगी।

 

पुरुष और महिला दोनों वर्ग में भारत की दो-दो टीमें इंडिया ब्लू और इंडिया रेड भाग लेंगी। राजसिंह ने कहा, इससे हमारे अधिक से अधिक पहलवानों को भाग लेने का मौका मिलेगा।  (एजेंसी)

First Published: Tuesday, January 10, 2012, 16:47

comments powered by Disqus