2018 के राष्ट्रमंडल खेल ऑस्ट्रेलिया में - Zee News हिंदी

2018 के राष्ट्रमंडल खेल ऑस्ट्रेलिया में

सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के क्वीन्सलैंड राज्य के गोल्ड कोस्ट को राष्ट्रमंडल खेल महासंघ ने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों का मेजबान चुना है। गोल्ड कोस्ट ने श्रीलंका के हमबंटोटा को पछाड़ा।

 

कैरेबियाई देश सेंट किट्स और नेविस में स्थानीय समय के मुताबिक शुक्रवार शाम आम सभा की वोटिंग के बाद महासंघ ने ट्विटर पर लिखा, ‘आपसे 2018 में गोल्ड कोस्ट में मिलेंगे।’

 

पांच लाख से अधिक की जनसंख्या वाले गोल्ड कोस्ट ने खेलों की सफल मेजबानी का वादा किया। पिछले साल दिल्ली में हुए राष्ट्रमंडल खेल विवादों का केंद्र रहे थे। आयोजन स्थलों के निर्माण में हुए देरी, निर्माण कार्य में घटिया समग्री का इस्तेमाल और खेलों का बजट तिगुना होकर छह अरब डालर होना सुखिर्यां बना।

 

आस्ट्रेलिया ने कहा कि पांचवीं बार राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करने से उसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी में अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा। आस्ट्रेलिया एकमात्र देश है जिससे पांचवीं बार इन खेलों की मेजबानी का मौका मिला है।

 

उप प्रधानमंत्री वेन स्वान और खेल मंत्री मार्क आरबिब ने एक संयुक्त बयान में कहा, ‘आज सुबह की जीत गोल्ड कोस्ट, क्वीन्सलैंड और आस्ट्रेलिया के लिए काफी बेहतरीन नतीजा है।’

 

उन्होंने कहा, ‘इससे खेलों से पहले और इसके दौरान गोल्ड कोस्ट में पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।’

 

आस्ट्रेलिया इससे पहले चार बार राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी कर चुका है। देश ने आखिरी बार 2006 में मेलबर्न में इन खेलों की मेजबानी की थी। आस्ट्रेलिया इसके अलावा 1938 में सिडनी, 1962 में पर्थ और 1982 में ब्रिसबेन में भी इन खेलों का आयोजन कर चुका है।

 

सरकार ने कहा कि वे घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर मेलबर्न राष्ट्रमंडल खेलों के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेंगे जहां आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने रिकार्ड 221 पदक जीते थे। (एजेंसी)

First Published: Saturday, November 12, 2011, 14:51

comments powered by Disqus