AAI की मान्यता रद्द करना गैर कानूनी : मल्होत्रा

AAI की मान्यता रद्द करना गैर कानूनी : मल्होत्रा

नई दिल्ली : भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) ने आज उसकी मान्यता रद्द करने के लिए सरकार को लताड़ते हुए कहा कि यह फैसला ‘असंवैधानिक और मनमाना’ है। सरकार के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए एएआई अध्यक्ष विजय कुमार मल्होत्रा ने कहा कि खेल मंत्रालय को संघ की मान्यता रद्द करने का कोई अधिकार नहीं है क्योंकि ‘हमने किसी नियम या कानून का उल्लघंन नहीं किया है और यह फैसला गैर कानूनी है’। उन्होंने कहा कि वह सरकार के इस तर्क से हैरान हैं कि एएआई ने खेल संहिता का पालन नहीं किया।

मल्होत्रा ने दावा किया, ‘भारत सरकार की खेल संहिता की कोई कानूनी वैद्यता नहीं है। यह कोई अधिनियम नहीं है, यह संविधान का हिस्सा नहीं है और इस संहिता के बारे में गजट अधिसूचना भी नहीं है।’ मल्होत्रा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) बार-बार इस बात पर जोर दे रही है कि यह खेल संहिता और सरकारी हस्तक्षेप के खिलाफ है। उन्होंने खेल मंत्रालय की आलोचना की और कहा कि वे गलत सूचना देकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘खेल मंत्रालय ने कहा कि खेल संहिता आईओसी चार्टर की तरह ही है लेकिन यह तथ्यात्मक रूप से गलत है।’ (एजेंसी)

First Published: Friday, December 7, 2012, 19:43

comments powered by Disqus