Last Updated: Thursday, June 20, 2013, 11:33
ज़ी मीडिया ब्यूरो/एजेंसीकार्डिफ : आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार को टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें इससे पहले विश्वकप-2011 के फाइनल में टकरा चुकी हैं। श्रीलंका की टीम आज के इस मुकाबले में जहां विश्वकप की हार का बदला लेना चाहेगी, वहीं टीम इंडिया धोनी की कप्तानी में एक और खिताब जीतने के लिए फाइनल में पहुंचने की हरसंभव कोशिश करेगी।
भारत ग्रुप ऑफ डैथ से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम थी जिसने एक भी मैच नहीं हारा है। वहीं ऑस्ट्रेलिया को हराकर श्रीलंका सेमीफाइनल में पहुंचने वाली आखिरी टीम बनी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20 रन से मिली जीत के साथ श्रीलंका के इंग्लैंड के समान अंक हो गए लेकिन बेहतर रन रेट के आधार पर उसे अंतिम चार में प्रवेश मिला।
श्रीलंका के लिए यह विश्व कप फाइनल की हार का बदला चुकता करने का सुनहरा मौका होगा। भारत ने 275 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उसे छह विकेट से हराया था। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने नुवान कुलशेखरा को छक्का लगाकर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। श्रीलंका ने कमोबेश उसी टीम को चैम्पियंस ट्रॉफी में उतारा है जबकि कृष्णामाचारी श्रीकांत की जगह मुख्य चयनकर्ता के रूप में संदीप पाटिल के आने से भारतीय टीम में कई नये खिलाड़ी आये हैं।
विश्व कप विजेता टीम से सिर्फ धोनी, विराट कोहली और सुरेश रैना इस टीम में हैं। रविंद्र जडेजा और शिखर धवन जैसे युवा खिलाड़ियों के आने से भारत की फील्डिंग बेहतर हुई है। चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए इंग्लैंड आने के बाद से भारतीय खिलाड़ी बेहतरीन फॉर्म में हैं। एक जून को अभ्यास मैच में भारत ने सबसे पहले श्रीलंका को ही हराया था। भारत ने पांच विकेट और छह गेंद शेष रहते 334 रन के लक्ष्य को हासिल किया था। कोहली और दिनेश कार्तिक ने उस मैच में शतक लगाये थे। भारत ने अब तक पांच में से तीन मैचों में 300 से अधिक रन बनाये हैं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ ग्रुप बी के मैच में भारत ने आठ विकेट शेष रहते 234 रन का लक्ष्य हासिल किया। वहीं एडबस्टन में वर्षा बाधित मैच में पाकिस्तान केा हराया। दूसरी ओर श्रीलंका ने मैच दर मैच बेहतर प्रदर्शन किया है। न्यूजीलैंड से पहला मैच एक विकेट से हारने के बाद उसने इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर वापसी की। ऑस्ट्रेलिया को 20 रन से हराकर उसने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
भारत की बल्लेबाजी शिखर धवन, कोहली और कार्तिक जैसे युवा खिलाड़ियों पर निर्भर है। श्रीलंका के लिए कुमार संगकारा ने इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 134 रन बनाकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिये। महेला जयवर्धने ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 84 रन बनाये। संगकारा, जयवर्धने और तिलकरत्ने दिलशान श्रीलंकाई बल्लेबाजी की धुरी है । मध्यक्रम में लाहिरू तिरिमन्ने, एंजेलो मैथ्यूज और दिनेश चांदीमल होंगे।
सेमीफाइनल के लिए ग्लेमोर्गन मैदान के स्टाफ ने सोफिया गाड’स पर नया ट्रैक बिछाया है। मुख्य क्यूरेटर कीथ एक्सटन का कहना है कि 300 का स्कोर यहां सुरक्षित होगा। भारत और श्रीलंका चैम्पियंस ट्रॉफी 2002 फाइनल में भिड़ चुके हैं और एक नहीं बल्कि दो बार। लगातार दो दिन बारिश होने से पहली बार आईसीसी के किसी बड़े टूर्नामेंट में खिताब दो टीमों में बांटना पड़ा।
टीमें इस प्रकार हैं:-
भारत : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), आर अश्विन, शिखर धवन, रविंद्र जडेजा, दिनेश कार्तिक, विराट कोहली, भुवनेश्वर कुमार, अमित मिश्रा, इरफान पठान, सुरेश रैना, ईशांत शर्मा, रोहित शर्मा, मुरली विजय, विनय कुमार , उमेश यादव ।
श्रीलंका : एंजेलो मैथ्यूज (कप्तान), दिनेश चांदीमल, दिलहारा लोकुहेटिटगे, तिलकरत्ने दिलशान, शमिंदा ईरांगा, रंगाना हेराथ, महेला जयवर्धने, नुवान कुलशेखरा, लसिथ मलिंगा, जीवन मेंडिस, कुशल परेरा, तिसारा परेरा, कुमार संगकारा, सचित्र सेनानायके, लाहिरू तिरिमन्ने।
First Published: Thursday, June 20, 2013, 11:33