आईपीएल-6 में नए कीर्तिमानों का इंतजार

आईपीएल-6 में नए कीर्तिमानों का इंतजार

आईपीएल-6 में नए कीर्तिमानों का इंतजारनई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का छठा संस्करण आंकड़ों की दौड़ में पांचवें संस्करण को पीछे छोड़ पाएगा या नहीं, यह तो 54 दिनों के बाद ही पता चल सकेगा, लेकिन यह देखना वाकई काफी रोचक होगा कि इस दौड़ में कोई नया सूरमा आगे आता है या फिर पुराने दिग्गज ही एक बार फिर अपने बल्ले और गेंद की चमक दिखाने में सफल रहेंगे। आंकड़ों के लिहाज से आईपीएल काफी रोचक रहा है। न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्लम ने 2008 में इस लीग के पहले संस्करण के पहले ही मैच में 158 रनों की बेमिसाल पारी खेलकर इतिहास रचा था। इसके बाद अगले चार साल तक कई कीर्तिमान बने और कई टूटे। बीते पांच संस्करणों की तरह इस बार भी क्रिकेट प्रेमियों को बनते और टूटते आंकड़ों का बेसब्री से इंतजार होगा।

फटाफट क्रिकेट के पर्यायवाची बन चुके इस लीग के पांचवें संस्करण में कुल 22,453 रन बने थे, जबकि गेंदबाजों ने 859 विकेट चटकाए थे। इस दौरान बल्लेबाजों का खेल कहे जाने वाले ट्वेंटी-20 क्रिकेट में गेंदबाजों ने कुल 6,241 डॉट गेंदें फेंकी थीं। बल्लेबाजों को इसकी परवाह नहीं थी क्योंकि उन्होंने डॉट गेंदों के बदले कुल 732 छक्के लगाकर भरपाई की थी। यही नहीं, बल्लेबाजों ने 12,036 रन केवल चौकों से बनाए थे।

सबसे लम्बा छक्का 112 मीटर का था जबकि इस आयोजन में कुल 96 अर्धशतक लगे। इसी तरह सबसे तेज गेंद 154.60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी गई। अपनी रफ्तार और नपीतुली गेंदबाजी के लिए मशहूर दक्षिण अफ्रीका के डेल स्टेन ने इस रफ्तार को छुआ था। इसके बाद आस्ट्रेलिया के शॉन टेट (152.72) और लसिथ मलिंगा (152.10) का नाम है। भारत की ओर से सबसे तेज गेंद दिल्ली डेयरडेविल्स टीम के उमेश यादव ने फेंकी थी। उमेश ने 151.09 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार नापी थी।

जहां तक सबसे अधिक रनों की बात है तो चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलने वाले वेस्टइंडीज के धुरंधर क्रिस गेल ने एक शतक और सात अर्धशतकों की मदद से कुल 733 रन बनाए थे। गेल ने 46 चौके और सबसे अधिक 59 छक्के लगाए थे।

सबसे अधिक चौके लगाने का रिकार्ड भारत के अजिंक्य रहाणे के नाम रहा था। रहाणे ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए कुल 73 चौके लगाए थे। नाइट राइर्ड्स के कप्तान गौतम गम्भीर (64) चौकों की दौड़ में दूसरे और राजस्थान रॉयल्स के कप्तान राहुल द्रविड़ (63) तीसरे स्थान पर थे।

बीते संस्करण में भारत की ओर से तीन शतक लगे थे। इनमें से एक रहाणे, एक रोहित शर्मा (मुम्बई इंडियंस) और एक मुरली विजय (चेन्नई सुपर किंग्स) के नाम है। विजय आईपीएल में दो शतक लगाने वाले पहले भारतीय हैं।

विकेटों की दौड़ में बीते साल दिल्ली डेयरडेविल्स के मोर्ने मोर्कल (25) सबसे आगे थे। इसके बाद चैम्पियन कोलकाता नाइट राइर्ड्स के कैरेबियाई गेंदबाज सुनील नरेन (24) और मुम्बई इंडियंस के श्रीलंकाई गेंदबाज लसिथ मलिंगा (22) का नाम आता है। उमेश को 19 विकेट मिले थे।

सबसे अधिक अर्धशतक गेल (7) ने लगाए थे जबकि गम्भीर (6) दूसरे और डेक्कन चार्जर्स (अब हैदराबाद सनराइजर्स) के शिखर धवन (5), डेयरडेविल्स के वीरेंद्र सहवाग (5) और पुणे वॉरियर्स के कैमरन व्हाइट (5) तीसरे स्थान पर रहे। गेल को सबसे अधिक रनों के लिए ऑरेंज कैप मिला था जबकि मोर्कल को सबसे अधिक विकेटों के लिए पर्पल कैप दिया गया था। फेयरप्ले अवार्ड राजस्थान रॉयल्स की ओर से कप्तान द्रविड़ ने लिया था।

आईपीएल की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक बीते संस्करण में माइक्रो ब्लागिंग वेबसाइट ट्विटर पर भी लोगों ने इस लीग को खूब फॉलो किया था। इस लीग के लिए बीते संस्करण में कुल 7,452,555 ट्वीट किए गए थे, जिसके इस साल टूटने के पूरे आसार हैं क्योंकि आईपीएल गवर्निग काउंसिल बड़े जोरशोर के साथ इस लीग को सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइटों पर प्रोमोट कर रहा है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, April 2, 2013, 14:57

comments powered by Disqus