आईपीएल-6: राजस्थान रॉयल्स की मुंबई इंडियंस पर धमाकेदार जीत

आईपीएल-6: राजस्थान रॉयल्स की मुंबई इंडियंस पर धमाकेदार जीत

आईपीएल-6: राजस्थान रॉयल्स की मुंबई इंडियंस पर धमाकेदार जीतजयपुर : राजस्थान रॉयल्स टीम ने बुधवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के छठे संस्करण के 23वें और अपने पांचवें मुकाबले में मुम्बई इंडियंस को 87 रनों से हरा दिया।

राजस्थान की यह चौथी जीत है जबकि मुम्बई को पांच मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान रॉयल्स द्वारा दिए गए 180 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए मुम्बई इंडियंस टीम 18.2 ओवरों में 92 रन ही बना सकी। उसकी ओर से दिनेश कार्तिक (30), अंबाती रायडू (27) और मिशेल जानसन (11) ही दहाई तक पहुंच सके।

मुम्बई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। अजीत चंदीला ने चार रन के कुल योग पर सचिन तेंदुलकर (1) और 10 रन के कुल योग पर कप्तान रिकी पोंटिंग (4) को चलता कर दिया था। सचिन तीन गेंदों का सामना करने के बाद सिद्धार्थ त्रिवेदी के हाथों कैच हुए जबकि पोंटिंग को चंदीला ने अपनी ही गेंद पर लपका। पोंटिंग ने नौ गेंदों का सामना किया।

अच्छी लय में चल रहे रोहित शर्मा से मुम्बई इंडियंस को काफी उम्मीद थी लेकिन वह सात गेंदों पर दो रन बनाने के बाद त्रिवेदी की गेंद पर शेन वॉटसन के हाथों लपक लिए गए। रोहित का विकेट 26 रन के कुल योग पर गिरा। रोहित का स्थान लेने आए कीरन पोलार्ड भी ज्यादा देर तक विकेट पर नहीं टिक सके और सात गेंदों पर एक रन बनाने के बाद स्टुअर्ट बिन्नी की गेंद पर बोल्ड हो गए। पोलार्ड 31 रनों के कुल योग पर आउट हुए।

इसके बाद दिनेश और रायडू ने पांचवें विकेट के लिए 30 रन जोड़े। अच्छी लय में दिख रहे कार्तिक 32 गेंदों पर तीन चौके लगाने के बाद जेम्स फॉल्कनर की गेंद पर ब्रैड हॉग के हाथों कैच हुए। अगला ओवर लेकर आए बिन्नी ने रिषी धवन (0) को बोल्ड करके मुम्बई इंडियंस को छठा झटका दिया। यह विकेट 63 रन के कुल योग पर गिरा। 64 के कुल योग पर हरभजन सिंह (1) भी रन आउट होकर पवेलियन लौटे।

मिशेल और रायडू ने आठवें विकेट के लिए 19 रनों की साझेदारी निभाई। दोनों अच्छा करना चाहते थे फॉल्कर ने मिशेल को चलता कर दिया। मिशेल ने नौ गेंदों पर दो चौके लगाए। यह विकेट 83 रन के कुल योग पर गिरा। इसी योग पर केवन कूपर ने रायडू को पगबाधा किया। रायडू ने 29 गेंदों पर दो चौके लगाए। अंतिम विकेट के तौर पर लसिथ मलिंगा (7) आउट हुए। यह विकेट फॉल्कनर को मिला। राजस्थान रॉयल्स की ओर से फॉल्कनर ने तीन विकेट लिए जबकि चंदीला और बिन्नी ने दो-दो विकेट लिए। त्रिवेदी और कूपर को एक-एक सफलता मिली। इससे पहले, अजिंक्य रहाणे (नाबाद 68) की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट पर 179 रन बनाए।

इसमें रहाणे के अलावा शेन वॉटसन के 31 और दिशांत याज्ञनिक के 34 रन शामिल हैं। ब्रैड हॉग ने भी नाबाद 27 रन जोड़े। रहाणे ने अपनी 54 गेंदों की पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। रहाणे और वॉटसन ने राजस्थान रॉयल्स को शानदार शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 44 गेंदों पर 62 रन जोड़े। वॉटसन 25 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाने के बाद कीरन पोलार्ड की गेंद पर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच आउट हुए। इसके बाद रहाणे और याज्ञनिक ने दूसरे विकेट के लिए 38 गेंदों पर 53 रन जोड़ते हुए अपनी टीम को मजबूती प्रदान की। याज्ञनिक 115 रन के कुल योग पर हरभजन सिंह की गेंद पर सचिन तेंदुलकर के हाथों कैच हुए।

राजस्थान रॉयल्स का तीसरा विकेट हालांकि जल्दी गिर गया। स्टुअर्ट बिन्नी (4) तेजी से रन चुराने के प्रयास में मिशेल जानसन और प्रज्ञान ओझा के सम्मिलित प्रयासों के कारण रन आउट होकर पवेलियन लौटने पर मजबूर हुए। यह विकेट 126 रनों के कुल योग पर गिरा। इसके बाद रहाणे और हॉग ने तेजी से रन बटोरे और 29 गेंदों पर 53 रनों की साझेदारी निभाई। हॉग ने अपनी 15 गेंदों की पारी में दो छक्के लगाए। मुम्बई इंडियंस की ओर से हरभजन और पोलार्ड को एक-एक सफलता मिली।

मुंबई इंडियंस ने अब तक चार मुकाबले खेले हैं। तीन जीत और एक हार के साथ मुंबई अंक तालिका में शीर्ष पर चल रहा है। टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली मुंबई ने अपने पिछले मैच में पुणे वॉरियर्स को हराया था। वहीं, राजस्थान रॉयल्स ने भी अब तक चार मैच खेले हैं, जिनमें से तीन में उसे जीत और एक मैच में हार नसीब हुई है। राजस्थान ने अपने पिछले मुकाबले में अपने घर में किंग्स इलेवन पंजाब को हराया था। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, April 17, 2013, 21:49

comments powered by Disqus