IPL: राजस्थान को 198 रनों का लक्ष्य - Zee News हिंदी

IPL: राजस्थान को 198 रनों का लक्ष्य



 

 
मुंबई: वानखेड़े स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पांचवें संस्करण के 20वें लीग मुकाबले में मुम्बई इंडियंस टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स के सामने जीत के लिए 198 रनों लक्ष्य रखा है। मुम्बई इंडियंस टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 197 रन बनाए।

मुम्बई इंडियंस की ओर से केरन पोलार्ड ने 64, अंबाती रायडू ने 47 रनों का योगदान दिया। पोलार्ड ने 33 गेंदों में छह चौके और चार चौके लगाए जबकि रायडू ने 32 गेंदों में एक चौका और तीन छक्के लगाए। पोलार्ड और रायडू के बीच चौथे विकेट के लिए 96 रनों की साझेदारी हुई। हरभजन सिंह ने छह गेंदों में एक चौका और दो छक्के की मदद से 18 रन बनाए।

मुम्बई इंडियंस के बल्लेबाज रिचर्ड लेवी ने 29, तिरुमालासेत्ती सुमन ने 10, रोहित शर्मा ने 21, फ्रेंकलिन ने दो रन बनाए। दिनेश कार्तिक खाता नहीं खोल पाए।

सुमन का विकेट 28 रन के कुल योग पर गिरा। इसके बाद रोहित और लेवी ने दूसरे विकेट के लिए 31 रन जोड़े। रोहित 59 रन के कुल योग पर ब्रैड हॉग का शिकार बने। लेवी का विकेट 68 रन के कुल योग पर गिरा।

सुमन ने 10 गेंदों पर एक छक्का लगाया। लेवी ने 22 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का लगाया जबकि रोहित ने अपनी 13 गेंदों की पारी में दो चौके और एक छक्का उड़ाया।

हरभजन सिंह की कप्तानी में मुम्बई इंडियंस टीम अपना चौथा मैच खेल रही है जबकि राजस्थान रॉयल्स का यह तीसरा मैच है। राजस्थान रॉयल्स ने अपने दोनों मुकाबले जीते हैं जबकि मुम्बई इंडियंस को दो में जीत और एक में हार मिली है।

मुम्बई ने अपने पहले ही मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को हराया था। इसके बाद उसे पुणे वॉरियर्स इंडिया के हाथों बुरी तरह शिकस्त मिली थी लेकिन इस नुकसान की भरपाई उसने डेक्कन चार्जर्स को हराकर किया। मुम्बई इंडियंस नौ टीमों की तालिका में चौथे स्थान पर है।

दूसरी ओर, आईपीएल के पहले संस्करण का ताज पहनने वाली राजस्थान रॉयल्स टीम अपने पहले मैच में किंग्स इलेवन पंजाब को हराया था और फिर गौतम गम्भीर की कप्तानी वाली कोलकाता नाइटराइर्ड्स को पटखनी दी थी। यह टीम तालिका में पहले स्थान पर है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, April 11, 2012, 22:14

comments powered by Disqus