PM पर उम्र लागू नहीं तो खेल महासंघों पर क्यों : मल्होत्रा

PM पर उम्र लागू नहीं तो खेल महासंघों पर क्यों : मल्होत्रा

PM पर उम्र लागू नहीं तो खेल महासंघों पर क्यों : मल्होत्रा नई दिल्ली : भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष का चुनाव भारी मतों से जीतने से आह्लादित विजय कुमार मल्होत्रा ने इस अवसर पर राष्ट्रीय खेल विकास संहिता पर कटाक्ष करते हुए शुक्रवार को कहा कि यदि देश के प्रधानमंत्री पर उम्र का नियम लागू नहीं होता तो फिर खेल महासंघों पर ही इसे क्यों थोपा जा रहा है।

अस्सी वर्षीय मल्होत्रा ने तीरंदाजी संघ के चुनाव में बीवीपी राव को 72-20 के अंतर से हराया। वह पिछले 39 साल से इस संघ के अध्यक्ष पद पर काबिज हैं। राष्ट्रीय खेल विकास संहिता के अनुसार 70 वर्ष से अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति चुनाव नहीं लड़ सकता।

मल्होत्रा ने कहा,‘हमारा सरकार से किसी तरह का टकराव नहीं है। हम मिलकर काम कर करना चाहते हैं। हमारा सिर्फ यह कहना है कि जब भारत के प्रधानमंत्री, देश के मुख्यमंत्रियों, सांसदों और विधायकों पर उम्र का नियम लागू नहीं होता तो फिर खेल महासंघों पर इसे क्यों थोपा जा रहा है। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को छोड़कर देश के सभी प्रधानमंत्री 70 वर्ष का होने के बाद इस पद पर काबिज हुए।’

उन्होंने कहा,‘मैं समझता हूं कि यदि इस तरह का कोई नियम लागू करना है तो उसे सबसे पहले देश के सर्वोच्च पद पर आसीन व्यक्ति पर लागू किया जाना चाहिए। तब सभी स्वत: ही उसका अनुसरण करेंगे। आईओसी (अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति) भी इन नियमों को खेलों में सरकार का हस्तक्षेप मानती है। (एजेंसी)

First Published: Friday, November 9, 2012, 17:24

comments powered by Disqus