अभ्यास मैच में गम्भीर ने जड़ा शतक

अभ्यास मैच में गम्भीर ने दिखाया दम, जड़ा शतक

अभ्यास मैच में गम्भीर ने दिखाया दम, जड़ा शतकचेन्नई : कप्तान गौतम गम्भीर (112) की शतकीय पारी की बदौलत स्थानीय गुरु नानक कॉलेज मैदान पर शनिवार से शुरू हुए तीन दिवसीय अभ्यास मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ए ने चार विकेट के नुकसान पर 338 रन बना लिए। आस्ट्रेलिया का कोई गेंदबाज भारत ए के बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बना सका।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ए की पारी की शुरुआत अच्छी रही। गम्भीर और जीवनजोत सिंह की सलामी जोड़ी ने 67 रन जोड़े। जीवनजोत 24 रन के निजी योग पर जेवियर डोहर्ती की गेंद पर वाटसन के हाथों कैच आउट हुए।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आए रोहित शर्मा ने गम्भीर के साथ मिलकर शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। दोनों के बीच 128 रनों की साझेदारी हुई। गम्भीर 195 के कुल योग पर मोइसिस हेनरिक्स की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने 162 गेंद खेलकर 13 चौके और तीन छक्के लगाए।

रोहित 77 रन बनाकर डोहर्ती का दूसरा शिकार बने। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और तीन छक्के लगाए। अभिषेक नायर चार रन बनाकर डोहर्ती की गेंद पर एड कोवन को कैच थमा बैठे।

खेल की समाप्ति तक मनोज तिवारी 77 और मुरलीधरन 34 रनों पर नाबाद लौटे। आस्ट्रेलिया की ओर से डोहर्ती ने तीन और हेनरिक्स ने एक विकेट चटकाया। (एजेंसी)

First Published: Saturday, February 16, 2013, 17:51

comments powered by Disqus