आईओसी की बैठक को आईओए दल का गठन

आईओसी की बैठक को आईओए दल का गठन

नई दिल्ली : भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का गठन किया जो खेल मंत्रालय के अधिकारियों के साथ अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति के लुसाने स्थित मुख्यालय में 15 मई को होने वाली अहम बैठक में भाग लेने जाएगा। इस बैठक में भारत को ओलम्पिक आंदोलन में फिर से शामिल करने का रास्ता खोजने का प्रयास किया जाएगा।

आईओए के इस चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में विजय कुमार मल्होत्रा (आईओए के कार्यवाहक अध्यक्ष), एन. रामचंद्रन (भारतीय स्कवाश महासंघ के संरक्षक), तरलोचन सिंह (भारतीय तीरदांजी संघ के उपाध्यक्ष) और एस. रघुनाथन (भारतीय कयाकिंग और कैनोइंग महासंघ के अध्यक्ष) शामिल हैं।

आईओसी ने आईओए से उन अधिकारियों के नाम मांगे थे जो आईओए के साथ होने वाले वाली संयुक्त बैठक में भाग लेने जाएंगे। आईओसी अध्यक्ष जाक रोगे को लिखे पत्र में मल्होत्रा ने कहा कि चार सदस्यीय दल को ही अधिकृत माना जाए। यह पता चला है कि अभय सिंह चौटाला की अगुवाई वाले निलंबित आईओए ने भी अपने एक प्रतिनिधिमंडल की सूची आईओसी को भेजी है जिसमें हाकी इंडिया के महासचिव नरिन्द्रर बत्रा और झारखंड ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष आर के आनंद और एथलेटिक महासंघ के अध्यक्ष अदिले सुमरीवाला का नाम शामिल है। (एजेंसी)

First Published: Friday, May 3, 2013, 18:58

comments powered by Disqus