Last Updated: Monday, July 22, 2013, 13:29

नई दिल्ली : भारत की शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी और लंदन ओलम्पिक में कांस्य पदक जीत चुकीं सायना नेहवाल को इंडियन बैडमिंटन लीग (आईबीएल) के लिए सोमवार को हुई नीलामी में हैदराबाद हॉट्सशॉट्स टीम ने 120,000 डॉलर में खरीदा। सायना की आधार कीमत 50 हजार डॉलर रखी गई थी। विश्व के सर्वोच्च वरीय पुरुष स्टार मलेशिया के ली चोंग वेई को मुम्बई मास्टर्स ने सबसे अधिक 135,000 डॉलर में अपने साथ जोड़ा।
भारत के पुरुष स्टार पारूपल्ली कश्यप को बांगा बीट्स ने 75,000 डॉलर में हासिल किया। कश्यप और वेई की भी आधार कीमत 50 हजार डॉलर थी। 10 लाख डॉलर इनामी आईबीएल का आयोजन 14 से 31 अगस्त के बीच देश के छह शहरों में होगा। विश्व के सबसे धनी बैडमिंटन लीग में दुनिया भर के शीर्ष-50 खिलाड़ी शिरकत करते नजर आएंगे।
साइना उन छह आइकन खिलाड़ियों में है, जिनकी बेसप्राइज 50000 डालर रखी गई थी। साइना ने कहा था कि वह हैदराबाद या लखनउ टीम के लिये खेलना चाहेंगी। उसकी इच्छा पूरी हो गई चूंकि हैदराबाद ने उसे 120000 डालर (करीब 71,27,796 रुपये) में खरीदा। मलेशिया के ली चोंग वेइ के लिए मुंबई मास्टर्स और दिल्ली स्मैशर्स के बीच काफी रस्साकशी हुई। मुंबई ने आखिरकार वेइ को 8,019,032 रुपये में खरीदा। राष्ट्रमंडल खेलों के कांस्य पदक विजेता पी. कश्यप को बंगा बीट्स ने 75000 डालर में खरीदा।
पीवी सिंधू को लखनऊ वारियर्स ने 80000 डालर में खरीदा। वहीं युगल स्टार ज्वाला गुट्टा को दिल्ली स्मैशर्स ने 31000 डालर में खरीदा। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 22, 2013, 13:29