Last Updated: Wednesday, April 24, 2013, 20:07

नई दिल्ली : भारत की महिला स्टार सायना नेहवाल आसान जीत के साथ योनेक्स सनराइज इंडिया ओपन-2013 बैडमिंटन टूर्नामेंट के एकल वर्ग के दूसरे दौर में पहुंच गई हैं लेकिन पुरुष वर्ग में पारूपल्ली कश्यप को चौंकाने वाली हार मिली है। इस वर्ग में जहां के. श्रीकांत ने दिन का सबसे बड़ा उलटफेर किया वहीं प्रनॉय एचएस, गुरुसाई दत्त, साई प्रणीत, अजय जयराम, आनंद पवार और सौरव वर्मा भी जीत हासिल करने में सफल रहे।
महिला एकल में सायना के अलावा नेहा पंडित, अरुं धति पंटावने और सैली राने पहली बाधा पार करने में सफल रही हैं। पुरुष युगल में सुरेंद्र राठी और नीरज वशिष्ठ को जीत मिली जबकि महिला युगल में प्रांद्या गडरे और अश्विनी पोनप्पा ने पहली बाधा पार की। मिश्रित युगल में अभिनव प्रकाश और क्रिस्टी दास, गौरव वेंकट और जूही देवांगन, अक्षय देवाल्कर और प्रांद्या गडरे, वी. दीजू और ज्वाला गुट्टा जीत हासिल करने में सफल रहे हैं।
सबसे पहले बात सायना की। लंदन ओलम्पिक में कांस्य पदक जीत चुकीं सायना ने पहले दौर के मुकाबले में इंडोनेशिया की बेलाट्रिक्स मानुपुती को 21-12, 21-15 से पराजित किया। सायना ने यह मैच 33 मिनट में अपने नाम किया। दूसरे दौर में टूर्नामेंट की शीर्ष वरीय खिलाड़ी सायना का सामना जापान की युई हाशिमोतो से होगा। हाशिमोतो ने पहले दौर में सिंगापुर की अईंग जिंग को 21-17, 21-12 से हराया। सायना और हाशिमोतो के बीच यह पहली भिड़ंत होगी।
कश्यप की हार भारत के लिए दुखदाई रही। इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी को विश्व के पूर्व सर्वोच्च वरीयता प्राप्त इंडोनेशियाई खिलाड़ी तौफीक हिदायत ने मात दी। हिदायत ने 13-21, 23-21, 21-18 से जीत हासिल की। यह मैच एक घंटे चला। हिदायत और कश्यप के बीच यह सातवीं भिड़ंत थी। इससे पहले छह बार दोनों खिलाड़ी एक दूसरे से भिड़े थे लेकिन हिदायत ने एक बार भी कश्यप को हावी होने का मौका नहीं दिया था।
टूर्नामेंट के गैरवरीय खिलाड़ी हिदायत अगले दौर में भारत के प्रनॉय से भिड़ेंगे, जिन्होंने थाईलैंड के सुपानयु अविहिंगानसन को 21-17, 22-20 से हराया। यह मैच 41 मिनट चला। श्रीकांत ने पहले ही दिन भारी उलटफेर करते हुए चौथे वरीय डनमार्क के जान ओ जोर्गेनसन को पराजित कर दिया। श्रीकांत ने जान को 21-7, 18-21, 21-12 से हराया।
बीते साल इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले सौरव वर्मा ने चेतन आनंद को 21-13, 21-18 से मात दी। गुरुसाई ने इंडोनेशिया के टॉमी सुगियातो को 21-16, 21-17 से हराया। प्रणीत ने जापान के केंतो मोमोतो को 21-17, 21-11 से हराया। अजय रूस के व्लादिमीर माल्कोव पर 21-17, 21-17 से जीत हासिल करने में सफल रहे। आनंद ने जापान के ताकुमा उयेदा को 11-21, 21-13, 21-19 से हराया।
महिला एकल में पंटावने ने थाईलैंड की टी. सैपसिरी को 21-14, 17-21, 21-19 से हराया। नेहा ने अपने ही देश की तृप्ती मुरगुंडे को 21-11, 11-4 से पराजित किया। चोट के कारण मुरगुंडे यह मैच पूरा नहीं कर सकीं। सैली ने तन्वी लाड की चुनौती 14-21, 22-20, 21-14 से समाप्त की।
मिश्रित युगल में अक्षय देवाल्कर और गडरे ने पहले दौर के मुकाबले में डेनमार्क के एंड्रयू इलिस और लाउरेन स्मिथ को 16-21, 22-20, 21-19 से पराजित किया। वी. दीजू और ज्वाला गुट्टा को भी जीत मिली। इस जोड़ी ने इंग्लैंड के क्रिस लैंगरिज और हीथर ओलीवर को 19-21, 21-15, 21-16 से हराया। गडरे ने बाद में अश्विनी पोनप्पा के साथ खेलते हुए महिला युगल के पहले दौर में इंग्लैंड की लाउरिन स्मिथ और गेब्रिएल व्हाइट को 19-21, 22-20, 21-11 से हराया। यह मैच 49 मिनट चला। पुरुष युगल में सुरेद्र राठी और नीरज वशिष्ठ ने अपने ही देश के जयन जेम्स और दिलशाद के. को 17-21, 21-18, 21-16 से हराया। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 24, 2013, 20:07