इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन: कश्यप सेमीफाइनल में

इंडोनेशिया ओपन: कश्यप सेमीफाइनल में


जकार्ता : भारत के पुरुपल्ली कश्यप इंडोनेशिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट-2012 के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। कश्यप ने शुक्रवार को खेले गए पुरुषों की एकल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में डेनमार्क के हांस क्रिस्टियन विटिंघुस को 21-15, 21-14 से पराजित किया। यह मुकाबला 39 मिनट तक चला।

सेमीफाइनल में कश्यप का सामना इंडोनेशिया के साइमन सांतोसो से होगा, जिन्होंने हमवतन डायोनिसियस हयोम रुम्बका को 39 मिनट तक चले मुकाबले में 21-17, 21-7 से शिकस्त दी। कश्यप ने दूसरे दौर में गुरुवार को विश्व के तीसरे और टूर्नामेंट के शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी चीन के चेन लोंग को 21-17, 21-14 से पराजित किया था।

उल्लेखनीय है कि आज ही के दिन विश्व की पांचवीं वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी सायना नेहवाल भी अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलेंगी। सायना का सामना टूर्नामेंट की तीसरी वरीय खिलाड़ी चीन की शिजियान वांग से होगा। (एजेंसी)

First Published: Friday, June 15, 2012, 15:58

comments powered by Disqus