एशियाई कुश्ती : फ्रीस्टाइल में भारत का पदक पक्का

एशियाई कुश्ती : फ्रीस्टाइल में भारत का पदक पक्का

नई दिल्ली : भारत के अमित कुमार ने सीनियर एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप के फ्रीस्टाइल वर्ग में फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे हैं। अमित ने शनिवार को 55 किलोग्राम वर्ग के खिताबी मुकाबले में स्थान पक्का कर भारत के लिए एक पदक सुनिश्चित किया।

केडी जाधव स्टेडियम में जारी इस चैम्पियनशिप के ग्रीको रोमन वर्ग में पदक जीतने की भारत की उम्मीद धरी की धरी रह गई थी लेकिन फ्रीस्टाइल में भारतीय पहलवानों ने सराहनीय प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में विनेश (41 किग्रा) और बबीता कुमारी (55 किग्रा) सेमीफाइनल में हार गईं लेकिन दोनों को कांस्य पदक के लिए दो-दो हाथ करने का मौका मिलेगा। इसके अलावा बजरंग को पुरुष वर्ग में पदक के लिए लड़ने का मौका मिलेगा। बजरंग पोडियम फिनिश के लिए जापान के शोगो मेइदा से भिड़ेंगे।

अमित ने दिन के पहली बाजी में कजाकिस्तान के रासूल कालियेव को हराया। अमित को पहले दौर में बाई मिला था। दूसरे दौर में वह कालियेव पर 2-0, 3-0 से जीत हासिल करने में सफल रहे। बीते साल एशियाई चैम्पिनशिप और इसके बाद अमित ने जापान के फुमिताका मोरिशिता को हराकर फाइनल में स्थान पक्का किया। इसी के साथ अमित ने इस साल भारत के लिए पहला पदक पक्का कर लिया।

इससे पहले, बबीता और उनकी छोटी बहन विनेश ने भारत के लिए पदक पाने की उम्मीद को जिंदा रखते हुए अपने-अपने वर्ग में पहले दौर के मुकाबले में जीत हासिल की। विनेश ने जहां जापान की नानामी इरी को 1-2, 1-1, 1-0 से हराया वहीं बबीता ने उज्बेकिस्तान की लिलिया शाकिरोवा को 5-0, 3-0 से पराजित किया।

सेमीफाइनल में विनेश ने कजाकिस्तान की तात्याना अमानजोल को कड़ी टक्कर दी। पहला पीरियड 6-1 से जीतने के बाद हालांकि वह दूसरा और तीसरा पीरियड क्रमश: 1-0 और 2-0 से हार गईं। बीते साल विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली बबीता को सेमीफाइनल में जापान की कानाको मुराता ने 3-3, 6-0, 5-4 से हराया।

शुक्रवार को भीम सिंह (96 किग्रा) ने ग्रीको रोमन वर्ग में पदक की उम्मीद जगाई थी लेकिन वह अंतत: नाकाम रहे। इसके अलावा पुरुष वर्ग में राजबीर छिकारा (74 किग्रा) और हरप्रीत सिंह (84 किग्रा) को भी हार मिली। राजबीर और हरप्रीत बदले हुए नियमों के साथ तालमेल नहीं बना सके।

महिला वर्ग में प्रियंका सिंह को भी हार मिली थी। चैम्पियनशिप के पहले दिन सुशील कुमार राणा और गौरव शर्मा ग्रीको रोमन वर्ग में कांस्य पदक जीतने से चूक गए थे। राणा और गौरव रेपेज मुकाबलो में हारे थे। (एजेंसी)

First Published: Saturday, April 20, 2013, 22:46

comments powered by Disqus