Last Updated: Wednesday, April 17, 2013, 14:14

ताइपे : भारत के पारूपल्ली कश्यप एशियाई बैडमिंटन चैम्पियनशिप-2013 के पुरुषों के एकल वर्ग के दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। टूर्नामेंट के चौथे वरीय खिलाड़ी कश्यप ने बुधवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में दक्षिण कोरिया के जी हून होंग को 18-21 21-15 22-20 से पराजित किया। यह मैच एक घंटे 9 मिनट चला।
होंग और कश्यप के बीच यह दूसरी भिड़ंत थी। पहली भिड़ंत में भी कश्यप विजयी रहे थे। कश्यप ने 2009 में इसी टूर्नामेंट में होंग को हराया था। अगले दौर में कश्यप का सामना चीनी ताइपे के हान चोउ चू से होगा। इन दोनों के बीच यह पहली भिड़ंत होगी।
महिला युगल में प्रांद्या गडरे और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी भी दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रही है। इस जोड़ी ने चीनी ताइपे की पी रोंग वोंग और सिंग यिन यूयेन को 21-19 21-17 से हराया। यह मैच 25 मिनट चला। महिला युगल में भारत की दूसरी जोड़ीदारों-अपर्णा बालन और सिकी रेड्डी को हालांकि हार मिली है। अपर्णा और सिकी को चीनी ताइपे की हुआन चेन तथा वेन लाई ने 21-16 21-17 से हराया।
इसी तरह मिश्रित युगल में भारत के तरुण कोना और पोनप्पा को भी हार मिली है। इस जोड़ी को सिंगापुर की लियू यी तथा लेई याओ ने 21-14 16-21 21-18 से मात दी। यह मैच 47 मिनट चला। पुरुष युगल में भारत के दूसरे जोड़ीदारों-प्रणव चोपड़ा और अक्षय देवाल्कर को भी हार मिली है। प्रणव और अक्षय को चानी ताइपे के हुंग लिन चेन और चिया पिन ने 31 मिनट में 21-17 21-17 से हराया। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 17, 2013, 14:14