ओलंपिक में स्वर्ण की गारंटी नहीं: मैरोकॉम - Zee News हिंदी

ओलंपिक में स्वर्ण की गारंटी नहीं: मैरोकॉम

नई दिल्ली : भारतीय प्रशंसक भले ही महिला मुक्केबाज एम.सी.मैरीकॉम से लंदन ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने का दांव लगा रहे हों लेकिन पांच बार की यह विश्व चैम्पियन इसकी गारंटी नहीं ले रही हैं।

 

मैरीकॉम इस बात को अच्छी तरह जानती हैं कि 48 किलोग्राम भार वर्ग से 51 किलोग्राम भार वर्ग में रिंग में उतरना उनके लिए आसान नहीं है। मैरीकॉम का कहना है कि एक चूक मुकाबले से आपको बाहर कर सकती है। जुड़वा बच्चों की 29 वर्षीया मां मैरीकॉम ने कहा है कि ओलम्पिक में नए भार वर्ग में मुकाबले कठिन होंगे। मैरीकॉम ओलम्पिक में 51 किलोग्राम भार वर्ग में चुनौती पेश करेंगी।

 

उल्लेखनीय है कि नए भार वर्ग में आने के बाद मैरीकॉम ने वर्ष 2010 में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। मैरीकॉम ने कहा कि एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उनका आत्मविश्वास और बढ़ गया है और वह (51 किलोग्राम) नए वर्ग में उतरने के प्रति अत्यधिक सहज महसूस कर रही हैं।

 

मैरीकॉम ने कहा, मैं दोनों 48 और 51 किलोग्राम भार वर्ग में सहज हूं। ओलम्पिक में 48 किलोग्राम भार वर्ग नहीं है इसलिए मैंने 51 किलोग्राम भार वर्ग में उतरने का मन बनाया। इस वर्ग में मुक्केबाज बड़े, लम्बे और मजबूत होंगी। शुरुआत में थोड़ा मुश्किल होगा लेकिन कुछ समय बाद मैं अपने आप को इसमें ढाल लूंगी। एशियाई खेलों में नई वर्ग में उतरने से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है। मेरा लक्ष्य अब विश्व चैम्पियनशिप में अच्छा प्रदर्शन करना है।

 

राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित मैरीकॉम छह विश्व कप में पांच बार स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने एशियाई चैम्पियनशिप में चार बार स्वर्ण जीता है। विश्व चैम्पियनशिप का आयोजन 9-20 मार्च तक चीन के क्वीनहुआंग्डाओ में होगा। भारतीय मुक्केबाजों के लिए लंदन ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने का यह अंतिम मौका होगा।

 

विश्व चैम्पियनशिप के बारे में मैरीकॉम ने कहा, मैंने कड़ी मेहनत की है। मैंने पिछले कुछ वर्षो में अपनी कमजोर पक्ष पर काम किया है। इस वर्ष विश्व चैम्पियनशिप अलग होगा। मुझे चुनौती को स्वीकार करना पसंद है।

 

मैरीकॉम ने लंदन ओलम्पिक में भारत के अच्छे प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई है। बकौल मैरीकॉम, यह ओलम्पिक वर्ष है। मैं अधिक से अधिक स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद कर रही हूं। हमारे पास प्रत्येक वर्ग में पदक जीतने का मौका है। (एजेंसी)

 

First Published: Sunday, April 8, 2012, 21:02

comments powered by Disqus