ओसियान करेगा भारतीय क्रिकेट की यादगार चीजों की नीलामी

ओसियान करेगा भारतीय क्रिकेट की यादगार चीजों की नीलामी

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट से संबंधित दुर्लभ और ऐतिहासिक रूप से यादगार चीजों की नीलामी 13 सितंबर को मुंबई में की जायेगी, जिसमें देश की पहली टेस्ट टीम की फोटोग्राफ भी शामिल हैं। इसे भारतीय क्रिकेटिया विरासत की पहली पेशेवर खेल नीलामी के रूप में देखा जा रहा है और यह ओसियान ग्रुप के पुनर्निमित नीलामी हाउस में होगी।

नीलामी में शामिल चीजों में अनोखा बल्ला, विकेट, ग्लव्ज, टाई, बिल्ले, स्वेटर और भारतीय क्रिकेट के आइकन खिलाड़ियों की किताबें भी शामिल हैं। सीके नायुडू की अगुवाई वाली पहली टेस्ट टीम की 1932 की फोटो की अनुमानित कीमत 50,000 से 80,000 रुपये के बीच है।

आयोजकों ने कहा कि मुंबई में क्रिकेट क्लब आफ इंडिया के सीके नायुडू हाल में छह सितंबर को इसका ‘प्रीव्यू’ भी रखा जायेगा। इसमें ओसियान ग्रुप के अध्यक्ष नेविल टुली द्वारा संपादित कैटालॉग-पब्लिकेशन ‘इंडियाज ग्लोरियस क्रिकेटिंग हेरिटेज’ भी लांच किया जायेगा, जिसमें कपिल देव, अजीत वाडेकर, अंशुमन गायकवाड़, एएएस प्रसन्न और क्रिकेट इतिहासकार बोरिया मजूमदार ने भी योगदान दिया है।

इसमें एक पैनल चर्चा भी होगी जिसमें मजमूदार, बिशन सिंह बेदी, वाडेकर, प्रसन्ना और गायकवाड़ शामिल होंगे।
‘प्रीव्यू’ प्रदर्शनी लोगों के लिए ओसियान के मुख्य मुख्यालय में 7 से 12 सितंबर तक खुली होगी। (एजेंसी)

First Published: Sunday, September 1, 2013, 12:31

comments powered by Disqus