Last Updated: Friday, July 13, 2012, 23:21

नई दिल्ली : दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन समिति के पूर्व अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी को ओलम्पिक खेलों के लिए लंदन जाने की जहां अनुमति दी। वहीं, खेल मंत्रालय ने कलमाड़ी को लंदन जाने से रोकने के लिए भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) को पत्र लिखा।
मंत्रालय ने (आईओए) को पत्र लिखकर आग्रह किया कि इस आरोपी प्रशासक को नैतिक आधार पर ब्रिटेन की यात्रा की सुविधा नहीं दी जाए।
आईओए के महासचिव रणधीर सिंह को पत्र लिखकर मंत्रालय ने कहा कि कलमाड़ी भ्रष्टाचार के मामले में फंसे हैं तो आईओए को कलमाड़ी की किसी भी तरह से मदद नहीं करनी चाहिए।
खेल मंत्री अजय माकन ने कहा था कि वह सुनिश्चित करेंगे कि कलमाड़ी उस भारतीय दल का हिस्सा नहीं हों जो लंदन जा रहा है।
संयुक्त सचिव ओंकार केडिया द्वारा लिखे गए पत्र में कहा गया, कलमाड़ी के खिलाफ 2010 राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन संबंधित मामलों में गंभीर आरोपों और अदालत में उनके खिलाफ चल रहे मामले को देखते हुए मंत्रालय चाहता है कि आईओए नैतिक आधार पर कलमाड़ी को लंदन जाने की सुविधा या प्रायोजन नहीं करे जिसमें हवाई यात्रा, लंदन में उद्घाटन समारोह और समापन समारोह तथा स्पर्धाओं के टिकट मुहैया कराना शामिल है। (एजेंसी)
First Published: Friday, July 13, 2012, 23:21