कीवियों का बुरा हाल, 47 रन पर गिरे 6 विकेट--SA vs NZ, 2nd Test, Day 2: Proteas fast bowlers leave Kiwis wobbling at 47/6

कीवियों का बुरा हाल, 47 रन पर गिरे 6 विकेट

कीवियों का बुरा हाल, 47 रन पर गिरे 6 विकेटपोर्ट एलिजाबेथ (दक्षिण अफ्रीका) : डेल स्टेन और रोरी क्लेनवेल्ट की गेंदबाजी से न्यूजीलैंड की टीम आज यहां दूसरे और फाइनल टेस्ट के दूसरे दिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ स्टंप तक 47 रन पर छह विकेट गंवाकर जूझ रही थी।

फाफ डु प्लेसिस (137) के दूसरे टेस्ट शतक और डीन एलगर के नाबाद 103 रन के बाद दक्षिण अफ्रीका पहली पारी आठ विकेट पर 525 रन पर घोषित की थी जिससे न्यूजीलैंड को अब भी फालोआन से बचने के लिये 279 रन की दरकार है।

लेकिन न्यूजीलैंड की शुरूआत काफी खराब हुई और उसका कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर ज्यादा देर नहीं टिक सका। दिन का खेल समाप्त होने तक बीजे वाटलिंग 15 और डग ब्रेसवेल तीन रन बनाकर खेल रहे थे।

दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों स्टेन, क्लेनवेल्ट और रोबिन पीटरसन ने दो दो विकेट अपने नाम कर न्यूजीलैंड को मुश्किल में डाल दिया। स्टेन ने मार्टिन गुप्टिल और केन विलियम्सन के विकेट पहले तीन ओवर में चटकाये।

चोटिल वर्नोन फिलैंडर की जगह उतरे क्लेनवेल्ट ने डीन ब्राउनली और डेनियल फ्लिन को आउट किया। पीटरसन ने इसके बाद न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रैंडन मैकुलम :13: और कोलिन मुनरो के विकेट हासिल किये।

न्यूजीलैंड की टीम इस तरह 39 रन पर छह विकेट खोकर अपने सबसे कम स्कोर (45 रन पर सभी आउट) होने की कगार पर दिख रही थी।

इससे पहले डु प्लेसिस ने 137 रन बनाये। दक्षिण अफ्रीका ने चाय तक सात विकेट पर 505 रन बना लिये थे और कुछ देर बाद ही आठ विकेट पर 525 रन पर पहली पारी घोषित की। हाशिम अमला ने कल के स्कोर में चार रन जोड़े और 110 रन पर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका को रन बनाने में मुश्किल हो रही थी, उन्होंने लंच से पहले 29 ओवर में केवल 65 रन बनाये।

एलगर और डु प्लेसिस ने छठे विकेट के लिये 131 रन की भागीदारी निभायी जो न्यूजीलैंड के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका का रिकार्ड भी है। दक्षिण अफ्रीका ने लंच और चाय के बीच में 105 रन जोड़े।

बारिश के कारण खेल 15 मिनट देर से शुरू हुआ। आसमान पर बादल छाये हुए थे और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने इसका फायदा उठाया। डग ब्रेसवेल ने तीन, कोलिन मुनरो ने दो जबकि ट्रेंट बोल्ट, नील वेगनर और जीतन पटेल ने एक एक विकेट प्राप्त किया। (एजेंसी)

First Published: Sunday, January 13, 2013, 10:48

comments powered by Disqus