Last Updated: Wednesday, September 19, 2012, 21:33

कोलंबो : भारतीय बल्लेबाजों को विश्व ट्वेंटी-20 चैंपियनशिप के पहले मैच में ही आज यहां अफगानिस्तान की प्रभावशाली गेंदबाजी से दो चार होना पड़ा लेकिन बेहतरीन फार्म में चल रहे विराट कोहली के अर्धशतक और विरोधी टीम के लचर क्षेत्ररक्षण का फायदा उठाकर भारत पांच विकेट पर 159 रन बनाने में सफल रहा और अफगानिस्तान को जीत के लिए 160 रनों की चुनौती दी।
कोहली ने 39 गेंद पर 50 रन बनाये। उनके अलावा सुरेश रैना ने 33 गेंद पर 38 रन का योगदान दिया लेकिन भारतीय बल्लेबाज पारी में अधिकतर समय खुलकर खेलने में नाकाम रहे। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (नौ गेंद पर 18) ने आखिरी दो गेंद पर चौका और छक्का जड़कर भारत का स्कोर 150 के पार पहुंचाया। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी सौंपने का रणनीतिक फैसला किया। बायें हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज शापूर जादरान ने भारतीय सलामी जोड़ी को जल्द ही पवेलियन की राह दिखाकर इसे सही साबित करने की भी कोशिश की।
गौतम गंभीर (आठ गेंद पर दस रन) का खराब फार्म जारी रहा। उन्होंने शापूर जादरान की बाहर जाती गेंद पर बिना टाइमिंग के प्रहार करने की कोशिश की लेकिन वह बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेटों में समा गयी। शापूर जदरान ने अपने अगले ओवर की पहली गेंद पर वीरेंद्र सहवाग (10 गेंद पर आठ रन) को आउट करके अफगानिस्तान के दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
युवराज (20 गेंद पर 18 रन) ने क्रीज पर कदम रखा और जादरान की गेंद उनके सिर के उपर से छह रन के लिये भेजकर 2007 में स्टुअर्ट ब्राड के एक ओवर में लगाये गये छह छक्कों की याद ताजा करने की कोशिश की। उन्होंने पांच साल पहले आज के दिन ही डरबन में यह कमाल दिखाया था।
युवराज इसके बाद कोई जलवा नहीं दिखा पाये और थर्डमैन पर आसान कैच थमाकर पवेलियन लौट गये। कोहली को शुरू में सामंजस्य बिठाने में थोड़ी परेशानी हुई लेकिन इस युवा बल्लेबाज ने फिर से टीम को संकट से उबारा। उन्होंने गुलबोदिन नैब पर छक्का जड़कर अपने हाथ खोले। करीम सादिक पर जमाया गया उनका छक्का कैच में तब्दील हो सकता था लेकिन समीउल्लाह उसे नहीं पकड़ पाये।
दिल्ली के इस बल्लेबाज ने अपना तीसरा टी20 अर्धशतक पूरा करने के बाद अगली गेंद पर हवा में कैच दे दिया। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाये। रैना को दो और 19 रन के निजी योग पर दो जीवनदान मिले लेकिन आखिरी ओवर में बोल्ड होने से पहले वह शापूर जादरान की दो गेंदों पर ही विश्वसनीय शॉट लगा पाये। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, September 19, 2012, 21:25