Last Updated: Thursday, February 21, 2013, 17:11
नई दिल्ली : खेल मंत्रालय ने उन सभी राष्ट्रीय खेल संघों को खेल आचार संहिता के अनुसार अपने संविधान में बदलाव करने के लिए समय सीमा बढ़ा दी है जिन्होंने अभी तक कोई बदलाव नहीं किया है।
मंत्रालय ने खेल महासंघों को लिखे पत्र में 28 फरवरी तक जवाब देकर अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। अगर कोई खेल संघ ऐसा नहीं करता है तो इसका असर उसकी सरकारी मान्यता पर भी पड़ेगा। मंत्रालय सूत्रों के अनुसार कुल 53 मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल महासंघों में से अब 29 ने सकारात्मक जवाब दिया है। मंत्रालय ने 11 जनवरी को लिखे पत्र खेल महासंघों से आयु और कार्यकाल की सीमा को खेल संहिता के दिशानिर्देशों के अनुसार अपने संविधान में बदलाव करने के लिए कहा था।
खेल मंत्रालय ने खेल संघों को 30 जून तक आवश्यक परिवर्तन करने के लिए कहा है। खेल मंत्रालय के पत्र का जवाब नहीं देने वाले 24 खेल महासंघों में टेनिस, फुटबॉल, मुक्केबाजी, कुश्ती, बैडमिंटन, भारोत्तोलन, गोल्फ आदि शामिल हैं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, February 21, 2013, 17:11