Last Updated: Thursday, February 14, 2013, 18:11

जोहानिसबर्ग : दक्षिण अफ्रीका के पैरालम्पिक स्वर्ण पदक विजेता ‘ब्लेड रनर’ आस्कर पिस्टोरियस को कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड की गोली मारकर हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पिस्टोरियस गलती से उसे कोई घुसपैठिया समझ गए थे। बील्ड अखबार के अनुसार पिस्टोरियस को गुरुवार तड़के गिरफ्तार किया गया। उसने यहां अपने घर पर गोली चलाई थी।
पुलिस के प्रवक्ता केटेलगो मोगाले ने कहा कि एक 30 वर्षीय महिला पर गोली चलाने के कारण 26 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने इसकी पुष्टि नहीं की कि गिरफ्तार किया गया व्यक्ति पिस्टोरियस ही है या नहीं। उन्होंने कहा कि अदालत में पेश होने के बाद ही इसका खुलासा किया जाएगा।
मोगाले ने कहा,‘ मृतका पर चार बार गोलियां चलाई गई थी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। समझा जाता है कि वह आरोपी की गर्लफ्रेंड थी।’ यह घटना प्रिटोरिया के बाहर सिल्वरलेक्स में हुई। पिस्टोरियस यही रहता है।
‘ब्लेड रनर’ के रूप में मशहूर हुए पिस्टोरियस ओलंपिक में भाग लेने वाले पहले विकलांग थे। उन्होंने पैरालम्पिक खेलों की चार गुणा 400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीता।
एक साल की उम्र में ही घुटने के नीचे उनके दोनों पैर बेकार हो गए थे और वह कार्बन फाइबल ब्लेड पर दौड़ते थे। पिछले साल टाइम पत्रिका ने उन्हें दुनिया के 100 सबसे प्रभावी लोगों में चुना था। (एजेंसी)
First Published: Thursday, February 14, 2013, 18:11