Last Updated: Tuesday, September 17, 2013, 19:02

रांची : झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी पिछले लगभग दो सप्ताह से आराम फरमा रहे हैं लेकिन इस दौरान बार-बार उनके मोटरसाइकिल पर शहर के विभिन्न इलाकों में घूमने से स्थानीय पुलिस और प्रशासन के पसीने छूट रहे हैं। ऐसे में उन्होंने उनसे अपने कार्यक्रम की सूचना पुलिस को देने का अनुरोध किया है। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक साकेत कुमार सिंह ने आज बताया कि धोनी से अनुरोध किया गया है कि वह अपने कायक्रमों की पूर्व सूचना पुलिस को अवश्य दें जिससे उन्हें आवश्यक पुलिस सुरक्षा प्रदान की जा सके।
उन्होंने कहा, धोनी को मोटरसाइकिल की सवारी करने से कोई नहीं रोकेगा और न ही उन्हें कहीं जाने से रोका-टोका जायेगा लेकिन उन्हें जहां भी जाना होगा वहां जाने का सुरक्षित इंतजाम तो अवश्य किया जायेगा। यह हमारा कर्तव्य है। रांची में चैंपियंस लीग क्रिकेट का पहला टी-20 मैच 22 सितंबर को खेला जायेगा और उसमें टाइटंस के खिलाफ चेन्नई सुपरकिंग्स का नेतृत्व अपने गृह मैदान पर धोनी करेंगे।
धोनी को पिछले एक सप्ताह से कंधे पर बैग लटका कर हेलमेट लगाये हुए अपनी मोटरसाइकिलों पर शहर के अनेक इलाकों का चक्कर लगाते देखा गया है। शहर के अनेक इलाकों में उनकी इस मस्ती की चर्चा है। कई दिन तो धोनी इसी तरह झारखंड क्रिकेट संघ के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पहुंच गये और वहां अभ्यास किया। इसके अलावा वह बिरसा फुटबॉल स्टेडियम और अनेक अन्य मैदानों में जाकर वहां खेल रहे खिलाड़ियों, फुटबॉलरों और तीरंदाजों से भी मुलाकात की और उनके साथ खेले भी। धोनी की इन मस्तियों की फोटो खींचने के लिए विभिन्न मीडिया हाउस के कैमरा मैन उनके हरमू स्थित घर के आसपास टकटकी लगाये बैठे हैं।
धोनी क्रिकेट स्टेडियम अपनी बाइक पर ही गये लेकिन उन्हें वहां से गाड़ी में पुलिस की सुरक्षा में वापस घर लाया गया। रांची में चैंपियंस लीग क्रिकेट के कुल पांच मैच होने हैं और 28 सितंबर को अंतिम मैच तक यहां की पुलिस को इसी तरह सतर्क रहना होगा। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, September 17, 2013, 19:02