Last Updated: Friday, September 20, 2013, 13:34
टोक्यो : तीन पुरुष एकल खिलाड़ियों की हार के साथ शुक्रवार को जापान ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की चुनौती समाप्त हो गई। अजय जयराम, के. श्रीकांत और एचएस प्रनॉय को अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
श्रीकांत को जापान के केनीची तागो ने हराया। सातवें वरीय तागो ने श्रीकांत को 21-18, 21-9 से शिकस्त दी। यह मैच 39 मिनट चला। दोनों के बीच यह अब तक की पहली भिड़ंत थी। प्रनॉय ने हालांकि चीन के हुआन गाओ के खिलाफ पहला गेम गंवाने के बाद दूसरे गेम के माध्यम से जोरदार वापसी लेकिन वह अपनी हार नहीं टाल सके।
प्रनॉय को हुआन ने 21-11, 20-22, 21-13 से हराया। इन दोनों के बीच भी यह पहली भिड़ंत थी। जयराम को वियतनाम के तेन मिन्ह नुयेन ने 21-18, 21-13 से हराया। इन दोनों के बीच यह चौथी भिड़ंत थी। इससे पहले दो बार नुयेन की जीत हुई है। एक बार जयराम जीते हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, September 20, 2013, 13:34