Last Updated: Wednesday, July 24, 2013, 19:30
नई दिल्ली : भारत की के जेनिथा विकलांगों के वर्ग में नयी विश्व शतरंज चैंपियन बन गयी है। उन्होंने चेक गणराज्य के वेल्के लूसिनी में 13वीं आईपीसीए विश्व महिला वैयक्तिक शतरंज चैंपियनशिप जीतकर यह उपलब्धि हासिल की। तमिलनाडु की जेनिथा ने नौ बाजियों में 4.5 अंक बनाये। उन्होंने तीन जीत दर्ज की, तीन ड्रा खेले जबकि तीन बाजियों में उन्हें हार मिली। उन्होंने पुरूषों के साथ संयुक्त ग्रुप में भाग लिया और महिला खिलाड़ियों में सर्वाधिक स्कोर बनाने वाली खिलाड़ी रही। उन्हें आईपीसीए महिला शतरंज खिताब से नवाजा गया।
रूस की दो महिला खिलाड़ियों के अंक भी जेनिथा के बराबर थे लेकिन उतकृष्ट बुचोल्ज स्कोर के कारण भारतीय खिलाड़ी को खिताब मिला। इस खिताब के साथ ही उन्होंने महिला अंतरराष्ट्रीय मास्टर का खिताब भी हासिल किया। इससे उन्हें महिलाओं के लिये राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सीधा प्रवेश मिल जाएगा। इस चैंपियनशिप में 15 देशों के 49 शारीरिक रूप से विकलांग खिलाड़ियों ने भाग लिया था। व्हील चेयर खिलाड़ी जेनिथा ने फिडे एक कैटेगरी में भाग लिया और लगभग सभी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय रेटिंग वाले थे। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, July 24, 2013, 19:30