Last Updated: Tuesday, September 18, 2012, 23:48

हम्बनटोटा : रहस्यमयी स्पिनर अजंता मेंडिस ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया तो जीवन मेंडिस ने आलराउंड खेल दिखाया जिससे मेजबान श्रीलंका ने मंगलवार को यहां जिम्बाब्वे को 82 रन से करारी शिकस्त देकर विश्व ट्वेंटी-20 चैंपियनशिप में शाही जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
मैच शुरू से ही मेंडिस मय बन गया था। जीवन ने पहले टीम को धीमी शुरुआत से उबारा और बाद में अजंता के साथ मिलकर जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी को तहस-नहस करने में अहम भूमिका निभाई। टीम में वापसी करने वाले अजंता मेंडिस ने ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए आठ रन देकर छह विकेट लिए।
जीवन ने 30 गेंद पर नाबाद 43 रन बनाने के बाद में 24 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। श्रीलंका पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर तिलकरत्ने दिलशान(28 गेंद पर 39 रन) के अच्छे प्रयासों के बावजूद 12 ओवर में तीन विकेट पर 86 रन ही बना पाया था।
इसके बाद कुमार संगकारा (28 गेंद पर 44) और जीवन मेंडिस के बीच चौथे विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी से वह चार विकेट पर 182 रन का मजबूत स्कोर बनाने में सफल रहा।
जिम्बाब्वे की टीम इसके जवाब में 17.3 ओवर में 100 रन पर ढेर हो गई। श्रीलंका ने इस तरह से ग्रुप सी में इस बड़ी जीत से दो अंक हासिल किए। उसका अगला मुकाबला अब 22 सितंबर को दक्षिण अफ्रीका से होगा।
अजंता मेंडिस का कहर यहीं पर नहीं थमा। उन्होंने अपने अगले ओवर में मास्काद्जा की गिल्लियां बिखेरकर जिम्बाब्वे का स्कोर तीन विकेट पर 43 रन कर दिया।
अजंता ने अपने पहले स्पैल में दो ओवर में तीन रन देकर तीन विकेट लिए। क्रेग इर्विन (10) ने तिसारा परेरा पर छक्का लगाया लेकिन इसके बाद एक और मेंडिस यानि जीवन मेंडिस ने गेंद संभाली और अपनी आफ स्पिन से पहले ओवर में ही इर्विन और मैलकम वालेर को पवेलियन की तरफ चलता कर दिया। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, September 18, 2012, 23:48