Last Updated: Sunday, June 3, 2012, 23:06

बारामुला : भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आज इस पर कुछ कहने से इनकार कर दिया कि उनका उत्तराधिकारी कौन होगा। उन्होंने कहा कि कप्तान का चयन करना उनका काम नहीं है और यदि उनकी पसंद के बारे में पूछा जाता है तो वह खुद को टीम के इस शीर्ष पद के लिये चुनेंगे। धोनी से जब पूछा गया कि उनकी जगह पर अगला कप्तान कौन होगा तो उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, यह मेरी पसंद नहीं है। यदि मेरी पसंद पूछी जाएगी तो मैं खुद का नाम लूंगा। जहां तक दावेदारों का सवाल है तो कई हैं। हमारे पास वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर और विराट कोहली हैं। सहवाग लंबे समय तक धोनी के साथ उप कप्तान रहे। इसके बाद उनके सलामी जोड़ीदार और दिल्ली के साथी गंभीर को उप कप्तान बनाया गया।
लेकिन जब धोनी को वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के लिये विश्राम दिया गया तो सहवाग को कप्तान बनाया गया था। हालांकि आस्ट्रेलिया में अच्छा प्रदर्शन करने के दम पर एशिया कप के लिये कोहली को उप कप्तान नियुक्त किया गया था। (एजेंसी)
First Published: Sunday, June 3, 2012, 23:06