Last Updated: Tuesday, July 2, 2013, 08:55
ज़ी मीडिया ब्यूरोकिंग्सटन: वनडे त्रिकोणीय सीरीज के दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने चैंपियंस ट्रॉफी के चैंपियन भारत को एक विकेट से हरा दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट खोकर 229 रन बनाए। 230 रनों का लक्ष्य पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 9 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
इस सीरीज में वेस्टइंडीज की यह दूसरी जीत है। पहले मैच में उसने श्रीलंका को 6 विकेट से हराया था। वेस्टइंडीज की जीत में जॉनसन चार्ल्स और डेरेन ब्रावो का अहम योगदान रहा। चार्ल्स ने 100 गेंदों में 4 छक्के और 8 चौके की मदद से 97 रन बनाए। ब्रावो ने 78 गेंदों में एक छक्के और पांच चौके की मदद से 55 रन बनाए। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी हुई। डेरेन सामी ने 29 रन का योगदान दिया। टिनो बेस्ट 3 और केमर रोच 14 रन बनाकर नाबाद रहे। वेस्टइंडीज के कप्तान ड्वेन ब्रावो चोट के कारण टीम से बाहर थे। कीरेन पोलार्ड ने उनकी जगह कप्तानी की। टखने की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण रवि रामपॉल को भी अंतिम ग्यारह में शामिल नहीं किया गया। उनकी जगह ड्वेन स्मिथ को टीम में लिया गया।
भारत की ओर से उमेश यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 9.4 ओवर में 43 रन देकर तीन विकट चटकाए। ईशांत शर्मा, आर अश्विन को दो-दो और भुवनेश्वर कुमार व सुरेश रैना को एक-एक विकेट मिला। रोहित शर्मा और सुरेश रैना ने अच्छी बल्लेबाजी की। रोहित ने 89 गेंदों में एक छक्के और चार चौके की मदद से 60 रन बनाए। रैना ने 55 गेंदों में चार चौके की मदद से 44 रन बनाए। कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने 27 और दिनेश कार्तिक ने 23 रन का योगदान दिया।
वेस्ट इंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरूआत काफी खराब रही। 25 के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा। रोच ने अपनी ही गेंद पर शिखर धवन का कैच लपका। धवन ने 10 गेंदों में 2 चौके की मदद से 11 रन बनाए। धवन के आउट होने के कुछ देर बाद ही विराट कोहली भी सस्ते में निपट गए। डेरेन सामी ने कोहली को क्रिस गेल के हाथों कैच करवाया।
कोहली ने 21 गेंदों में एक छक्के की मदद से 11 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए दिनेश कार्तिक ने अच्छी बल्लेबाजी की। उन्होंने रोहित शर्मा के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। जब भारतीय का स्कोर 98 रन था तब मार्लन सैम्युल्स ने अपनी ही गेंद पर कार्तिक का कैच लपककर भारत को तीसरा झटका दिया। कार्तिक ने 56 गेंद में तीन चौके की मदद से 23 रन बनाए। भारत को चौथा झटका सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के रूप में लगा। सामी ने रोहित को चार्ल्स के हाथों कैच करवाया।
रोच ने सुरेश रैना को रामदीन के हाथों कैच करवाकर भारत को पांचवा झटका दिया। टिनो बेस्ट ने धोनी को क्लीन बोल्ड कर बड़ा स्कोर खड़ा करने की भारत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। धोनी ने 35 गेंदों में एक चौके की मदद से 27 रन बनाए। भारत को सातवां झटका रविन्द्र जडेजा के रूप में लगा। बेस्ट ने ही जडेजा को क्लीन बोल्ड किया। जडेजा ने 20 गेंदों में दो चौके की मदद से 17 रन बनाए।
230 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट इंडीज की शुरूआत भी खराब रही। उसने 26 रन पर तीन विकेट खो दिए थे लेकिन जॉनसन चार्ल्स और सामी ने अच्छी बल्लेबाजी की बदौलत भारत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
First Published: Monday, July 1, 2013, 08:28