Last Updated: Monday, July 8, 2013, 23:57

पोर्ट ऑफ स्पेन : बारिश और केमार रोच के कहर से त्रस्त श्रीलंका त्रिकोणीय एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला के रिजर्व दिन तक खिंचे महत्वपूर्ण मैच में आज यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ कुमार संगकारा की उम्दा बल्लेबाजी से निर्धारित 41 ओवरों में आठ विकेट पर 219 रन बनाने में सफल रहा। संगकारा ने दो दिन तक खिंची अपनी पारी में 95 गेंदों पर नाबाद 90 रन बनाये जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल है। उनके अलावा कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने 30 रन का योगदान दिया। रोच ने 27 रन देकर चार और जैसन होल्डर ने 50 रन देकर दो विकेट लिये। लगातार बारिश के कारण कल मैच बीच में रोक देना पड़ा था।
रिजर्व दिन में भी सुबह बारिश की वजह मैच समय पर शुरू नहीं हो पाया। मैच लगभग दो घंटे की देरी से शुरू हुआ जिसके कारण ओवरों की संख्या घटाकर 45 ओवर प्रति टीम कर दी गयी। बीच में जब श्रीलंका 32 ओवर में चार विकेट पर 122 रन बनाये थे तभी बारिश आ गयी। इसके बाद खेल शुरू होने पर ओवरों की संख्या घटाकर 41 करनी पड़ी। श्रीलंका ने कल उपुल थरंगा, माहेला जयवर्धने और दिनेश चंदीमल के विकेट जल्दी गंवाने के कारण 19 ओवर में तीन विकेट पर 60 रन बनाये थे। उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी और उसके बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने की जरूरत थी। संगकारा ने 11 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाते हुए डेरेन सैमी पर 22वें ओवर में चौका लगाया। इस तरह से लगभग 19 ओवर के बाद गेंद ने सीमा रेखा के दर्शन किये।
नये बल्लेबाज मैथ्यूज ने सैमुअल्स के अगले ओवर में स्क्वायर लेग पर छक्का जड़कर टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। बारिश के कारण आधे घंटे तक खेल नहीं हो पाया। इसके बाद जब खेल शुरू हुआ तो मैथ्यूज ने अपने तीखे तेवर बरकरार रखे। उन्होंने जैसन होल्डर पर चौका और सैमुअल्स पर लांग आन पर छक्का लगाया। श्रीलंका ने 35वें ओवर में पावरप्ले लिया और रोच ने पहली गेंद पर मैथ्यूज को प्वाइंट पर कैच देने के लिये मजबूर करके पारी में अपना तीसरा विकेट लिया। उन्होंने कल जयवर्धने और चंदीमल को पवेलियन भेजा था। नये बल्लेबाज जीवन मेंडिस (8) ने आते ही दो चौके लगाये लेकिन रोच के इसी ओवर की आखिरी गेंद पर अंपायर निजेल लांग ने उन्हें विकेट के पीछे कैच आउट दे दिया। मेंडिस इससे खुश नहीं थे और रीप्ले से भी साफ नहीं हो रहा था कि गेंद उनके दस्ताने से लगकर गयी थी या नहीं। संगकारा ने वनडे क्रिकेट में अपना 76वां अर्धशतक पूरा किया और अगले ओवर में टिनो बेस्ट का स्वागत छक्के और चौके से किया। उन्होंने पोलार्ड पर चौका जड़ा जिससे टीम का स्कोर 200 रन पार कर गया। नुवान कुलशेखरा (14) ने होल्डर की गेंद हवा में लहराकर कैच थमाने से पहले अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। संगकारा आखिर तक क्रीज पर टिके रहे। वेस्टइंडीज ने 31 अतिरिक्त रन दिये जो संगकारा के बाद दूसरा बड़ा स्कोर था। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 8, 2013, 23:57