दो साल में 279 खिलाड़ी पाए गए डोपिंग के दोषी

दो साल में 279 खिलाड़ी पाए गए डोपिंग के दोषी

दो साल में 279 खिलाड़ी पाए गए डोपिंग के दोषी नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने आज स्वीकार किया कि खेलों में अच्छे प्रदर्शन के लिए कुछ खिलाड़ी प्रतिबंधित दवाओं का सहारा ले रहे हैं और पिछले दो वषरें में 279 खिलाड़ी राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) के डोप परीक्षण में पॉजिटिव पाए गए। युवा मामलों और खेल राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह ने लोकसभा में सी आर पाटिल और एम बी राजेश के सवालों के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेलों में अच्छे प्रदर्शन के लिए खिलाड़ी डोपिंग का सहारा ले रहे हैं और पिछले दो वषरें में 279 खिलाड़ी नाडा के डोप टेस्ट में पाजिटिव पाए गए हैं।

जितेंद्र ने बताया कि सरकार देश में खेलों को ‘डोप मुक्त’ बनाने की दिशा में नाडा के साथ मिलकर काम कर रही है ताकि इस बुराई का खात्मा किया जा सके और खेलों के लिए स्वस्थ माहौल पैदा किया जा सके। उन्होंने बताया कि इसके लिए नाडा शहरों और ग्रामीण इलाकों में जागरूकता शिविर लगा रही है और साथ ही केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड तथा स्कूल गेम्स फेडरेशन के साथ समन्वय से छात्रों को इसकी जानकारी मुहैया करा रही है।

खेल मंत्री ने बताया कि जिन खिलाड़ियों को डोप टेस्ट में पाजिटिव पाया गया उनमें से अधिकतर खिलाड़ी पावर लिफ्टिंग, भारोत्तोलन, मुक्केबाजी, कबड्डी और एथलेटिक्स से संबंधित हैं। उन्होंने बताया कि दोषी खिलाड़ियों के खिलाफ आठ साल से लेकर दो माह तक का प्रतिबंध लगाया गया है। इनमें सर्वाधिक आठ साल का प्रतिबंध एथलेटिक्स में जितेन्द्र सिंह नाम के खिलाड़ी पर लगाया गया है। (एजेंसी)

First Published: Monday, August 12, 2013, 16:26

comments powered by Disqus