Last Updated: Saturday, July 7, 2012, 15:51

मुंबई : क्रिकेट बोर्ड ने हाल ही में खेल को अलविदा कह चुके राहुल द्रविड़ को राजीव गांधी खेल रत्न और विश्व कप के मैन ऑफ द टूर्नामेंट युवराज सिंह को अर्जुन अवार्ड के लिए नामांकित किया है।
बीसीसीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रत्नाकर शेट्टी ने कहा, ‘हम खेल रत्न के लिए राहुल द्रविड़ और अर्जुन अवार्ड के लिए युवराज सिंह का नाम भेज रहे हैं।’ द्रविड़ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। उन्होंने टेस्ट और वनडे में 1996 में पदार्पण के बाद से कुल 23000 रन बनाए हैं।
उन्हें यदि 1991-92 में स्थापित देश का सर्वोच्च खेल सम्मान दिया गया तो वह सचिन तेंदुलकर (1997-98) और महेंद्र सिंह धोनी (2007-08) के बाद यह सम्मान पाने वाले तीसरे क्रिकेटर बन जाएंगे। खेल रत्न अभी तक 20 खिलाड़ियों को मिल चुका है।
इससे पहले बीसीसीआई और खेल मंत्रालय के बीच अर्जुन अवार्ड नामांकन की आखिरी तारीख को लेकर गलतफहमी पैदा हो गई थी। बीसीसीआई ने आरोप लगाया था कि उन्हें पहले की तरह नामांकन के बारे में सूचित नहीं किया गया था। खेल मंत्रालय ने इसका खंडन किया था। कुछ दिन पहले हालांकि खेल मंत्रालय के संयुक्त सचिव मुकुल चटर्जी ने बीसीसीआई को सूचित किया कि नामांकन की अवधि 20 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, July 7, 2012, 15:51