धोनी और मैंने पूर्वी क्षेत्र को क्रिकेटिया मानचित्र पर ला दिया: गांगुली

धोनी और मैंने पूर्वी क्षेत्र को क्रिकेटिया मानचित्र पर ला दिया: गांगुली

धोनी और मैंने पूर्वी क्षेत्र को क्रिकेटिया मानचित्र पर ला दिया: गांगुलीकोलकाता : पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा कि उनकी और मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की सफलता ने ‘कम चर्चित’ पूर्वी क्षेत्र को भारत के क्रिकेटिया मानचित्र पर ला दिया है। बंगाल के बायें हाथ के महान खिलाड़ी गांगुली भारत के सबसे सफल कप्तान हुआ करते थे लेकिन धोनी ने सभी विश्व खिताब जीतकर उन्हें पीछे छोड़ दिया। गांगुली ने कहा कि यह सचमुच प्रशंसनीय है।

धोनी से खुद की तुलना से इनकार करते हुए गांगुली ने कहा, हम दोनों पूर्वी क्षेत्र से आये हैं जिससे ये हिस्से भी चर्चा में आ गये हैं। यह सचमुच शानदार लगता है कि हम दोनों एक ही क्षेत्र से हैं। गांगुली ने रांची के धोनी के टिकट कलेक्टर से इस मुकाम तक पहुंचने की प्रशंसा करते हुए कहा, मैंने इस तरह का जबरदस्त विकास नहीं देखा। यह सचमुच प्रेरणादायी है। मैंने कई वनडे खिलाड़ियों को देखा है, कई के साथ खेला हूं लेकिन बल्लेबाजी, विकेटकीपिंग और कप्तानी के शानदार पैकेज के रूप में धोनी भारत के लिये उत्कृष्ट रहे हैं।

उन्होंने कहा, वह निश्चित रूप से क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ फिनिशर में से एक है। धोनी में मैच फिनिश करने की लाजवाब काबिलियत है। गांगुली ने श्रीलंका के खिलाफ त्रिकोणीय श्रृंखला के फाइनल में भारत को खिताब दिलाने में अहम धोनी की नाबाद पारी की तारीफ करते हुए कहा, फाइनल में उन्होंने जिस तरह का संयम और जज्बा दिखाया, वह शानदार था। पिछले महीने भारत ने चैम्पियंस ट्रॉफी जीती थी जिसका मतलब है कि धोनी ने अपनी कप्तानी में सभी विश्व खिताब दिला दिये हैं और गांगुली ने दोहराया कि वह सर्वकालिक महान भारतीय कप्तान में से एक हैं। गांगुली ने कहा, जहां तक वनडे क्रिकेट का संबंध है तो धोनी भारत के सर्वकालिक महान कप्तान में से एक हैं। (एजेंसी)

First Published: Sunday, July 14, 2013, 18:51

comments powered by Disqus