Last Updated: Monday, October 31, 2011, 08:05
दुबई : भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और मध्यक्रम के युवा बल्लेबाज विराट कोहली एकदिवसीय क्रिकेट की ताजा बल्लेबाजी रैंकिंग में तीसरे और पांचवें स्थान पर बने हुए हैं। धोनी के 778 रेटिंग अंक हैं और वो इंग्लैंड के जोनाथन ट्राट के साथ तीसरे स्थान पर हैं। कोहली के 759 रेटिंग अंक हैं और वह ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी शेन वाटसन के साथ पांचवें स्थान पर काबिज हैं।
इन दोनों के अलावा भारत के गौतम गंभीर 12वें, सचिन तेंदुलकर 16वें और वीरेंद्र सहवाग 20वें स्थान के साथ शीर्ष 20 में शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला और एबी डिविलियर्स पहले दो स्थान पर बने हुए हैं। इस बीच दक्षिण अफ्रीका के मोर्ने मोर्कल के गेंदबाजी रैंकिंग में खिसकने से डेनियल विटोरी फिर से नंबर एक गेंदबाज बन गए। विटोरी को इस साल जुलाई में इंग्लैंड के ग्रीम स्वान ने शीर्ष से हटाया था। पिछले सप्ताह स्वान की जगह मोर्कल नंबर एक स्थान पर काबिज हो गए थे।
भारतीय गेंदबाजों में केवल हरभजन सिंह ही 19वें स्थान के साथ शीर्ष 20 में शामिल हैं। आर अश्विन एक पायदान नीचे 21वें स्थान पर खिसक गए हैं। टीम रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका डरबन में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार के कारण चौथे स्थान पर बना हुआ है। यदि वह इस मैच में जीत जाता तो श्रीलंका (दूसरे) और भारत (तीसरे) को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच जाता। ऑस्ट्रेलिया अब भी श्रीलंका पर 11 रेटिंग अंक की बढ़त के साथ चोटी पर बना हुआ है।
(एजेंसी)
First Published: Monday, October 31, 2011, 13:40