धोनी ने छउ नृत्य कर सबका दिल जीता

धोनी ने छउ नृत्य कर सबका दिल जीता

 धोनी ने छउ नृत्य कर सबका दिल जीतारांची : झारखंड की आदिवासी संस्कृति की पहचान मांदर की मस्ती भरी थाप पर कल शाम झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में छउ नृत्य कर और स्वयं मांदर पर भी हाथ आजमा कर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने सभी झारखंडवासियों और मेहमानों का दिल जीत लिया और उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा एकदिवसीय मैच जीतने की भी पूरी तैयारी कर ली।

रांची के राजकुमार धोनी ने कल यहां नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के उद्घाटन समारोह की खूबसूरती को बड़े ही अलग अंदाज में चुरा लिया। उन्होंने अपनी पत्नी साक्षी और झारखंड के राज्यपाल डा. सैय्यद अहमद, कार्यवाहक मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष बी श्रीनिवासन, इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष गाइल्स क्लार्क एवं तमाम अन्य गणमान्य मेहमानों की उपस्थिति में जब मुकुंद नायक के लगभग पौने दो सौ कलाकारों के साथ छउ नृत्य किया तो वहां उपस्थित आम जनता और छात्र खुशी से झूम उठे।

हुआ यह कि नायक स्टेज पर अपना कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए अंत में सामने बैठे महेन्द्र सिंह धोनी के पास अपने साथ नृत्य करने का प्रस्ताव लेकर पहुंच गये जिसे धोनी ठुकरा नहीं सके और वह स्टेज पर पहुंच गये।

धोनी ने सबसे पहले मांदर पर अपने हाथ साफ किये जिस पर नायक की टीम ने जमकर नृत्य किया और बाद में उन्होंने स्वयं छउ नृत्य कर झारखंड की जनता और विशेषकर युवाओं का दिल जीत लिया। अब धोनी को शनिवार को होने वाले मुकाबले में भारत को लगातार दूसरी जीत दिलानी है जिसके लिए पूरी रांची ही नहीं पूरा झारखंड दुआएं कर रहा है।

मैदान में लगभग चालीस हजार दर्शक और समस्त राज्य में सवा तीन करोड़ लोग धोनी के साथ ही मैदान का लुत्फ उठायेंगे। धोनी ने बाद में अपने भाषण में झारखंड क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अमिताभ चौधरी की यह कर भूरि भूरी प्रशंसा की जो उन्होंने ठाना था वह कार्य कर दिखाया है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, January 19, 2013, 09:57

comments powered by Disqus