धोनी का `हेलीकॉप्‍टर` धमाल; आठ छक्‍कों के साथ बनाया सबसे तेज फिफ्टी । Dhoni makes fire in Ranchi, hits eight sixes and makes fastest fifty

धोनी ने फिर किया धमाल, आठ छक्‍कों के साथ बनाया सबसे तेज फिफ्टी

धोनी ने फिर किया धमाल, आठ छक्‍कों के साथ बनाया सबसे तेज फिफ्टीज़ी मीडिया ब्‍यूरो

रांची : महेंद्र सिंह धोनी ने सुरेश रैना की कमाल की पारी के बाद दर्शकों की मांग पर छक्कों की जबरदस्‍त बरसात की, जिससे चेन्नई सुपरकिंग्स गुरुवार को यहां चैंपियन्स लीग टी20 के ग्रुप बी के बड़े स्कोर वाले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 12 रन से हराने में सफल रहा।

रैना और धोनी ने फिर से साबित किया कि सीमित ओवरों की क्रिकेट में उन्हें क्यों खतरनाक माना जाता है। रैना ने जहां 57 गेंद पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 84 रन बनाकर पारी संवारी तो धोनी ने 19 गेंद पर आठ छक्कों की मदद से नाबाद 63 रन ठोककर घरेलू दर्शकों के सामने धमाल मचाया।

धोनी ने अपने शहर के दर्शकों को रोमांचित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने अपने आखिरी 52 रन तो केवल 12 गेंद पर बनाए। धोनी ने 16 गेंद पर अर्धशतक पूरा करके चैंपियन्स लीग में नया रिकार्ड बनाया। पिछला रिकार्ड कीरेन पोलार्ड (18 गेंद) के नाम पर था। उन्होंने तिसारा परेरा के एक ओवर में पांच छक्कों की मदद से 34 रन बटोरकर नया रिकार्ड बनाया।

चेन्नई की टीम इन दोनों की आकर्षक पारियों से चार विकेट पर 202 रन बना गई। कप्तान शिखर धवन (48) और पार्थिव पटेल (38) ने सनराइजर्स को अच्छी शुरूआत दिलाई लेकिन बीच में मिले झटकों के कारण उसकी टीम डेरेन सैमी की 25 गेंद पर 50 रन की विस्फोटक पारी के बावजूद सात विकेट पर 190 रन ही बना पायी। चेन्नई ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और वह ग्रुप बी में आठ अंक लेकर शीर्ष पर बना हुआ है। सनराइजर्स की यह पहली हार है और उसके अब दो मैच में चार अंक हैं।

First Published: Friday, September 27, 2013, 10:47

comments powered by Disqus