धोनी फिर बने टीम इंडिया के तारनहार

धोनी फिर बने टीम इंडिया के तारनहार

धोनी फिर बने टीम इंडिया के तारनहारकोच्चि : कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने फिर विषम परिस्थितियों में संयम और आक्रामकता का बेजोड़ नमूना पेश करके आज यहां 72 रन की पारी खेली जिससे भारत शुरुआती झटकों से उबरकर इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में छह विकेट पर 285 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।

भारतीय शीर्ष क्रम फिर से नाकाम रहा जबकि सुरेश रैना (55) अर्धशतक पूरा करने के बाद पवेलियन लौट गये। ऐसे में धोनी ने आखिरी ओवर में आउट होने से पहले 66 गेंद की अपनी पारी में सात चौके और दो छक्के जड़कर कोच्चि के दर्शकों को रोमांचित किया।

रविंदर जडेजा ने डेथ ओवरों में 37 गेंद पर आठ चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 61 रन बनाये। धोनी और जडेजा ने छठे विकेट के लिये 96 रन की साझेदारी की जिससे भारत आखिरी आठ ओवरों में 95 रन जोड़ने में सफल रहा। इस बार सिक्के की उछाल ने धोनी का साथ दिया लेकिन उनकी सलामी जोड़ी फिर से अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रही। गौतम गंभीर (आठ) और अंजिक्य रहाणे (चार) के पहले पांच ओवर में चार गेंद के अंदर पवेलियन लौटने से भारत शुरू में ही दबाव में आ गया था।

डर्नबाक ने गंभीर के बल्ले और पैड के बीच से गेंद निकालकर गिल्लियां बिखेरी जबकि अगले ओवर में फिन की स्विंग रहाणे का स्टंप थरथर्रा गयी थी। युवराज सिंह (37 गेंद पर 32 रन) और विराट कोहली (54 गेंद पर 37 रन) ने तीसरे विकेट के लिये 53 रन जोड़े लेकिन दोनों बड़ी पारी खेलने में असफल रहे। ऑफस्पिनर जेम्स ट्रेडवेल ने युवराज को एलबीडल्यू आउट करके भारत को करारा झटका दिया। इंग्लैंड के खिलाफ पहली बार एलबीडब्ल्यू आउट होने वाले युवराज इस फैसले से खुश नहीं थे। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, January 15, 2013, 16:29

comments powered by Disqus