Last Updated: Saturday, September 15, 2012, 10:15

दुबई : भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की ‘साल की सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय टीम’ का कप्तान घोषित किया गया। इस टीम में भारत के विराट कोहली और गौतम गंभीर को भी जगह मिली है। यह लगातार पांचवां साल है जब धोनी को आईसीसी की साल की सर्वश्रेष्ठ टीम में चुना गया है।
विशेष तौर पर नियुक्त वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान क्लाइव लायड की अध्यक्षता वाले पांच सदस्यीय पैनल ने इस 12 सदस्यीय टीम का चयन किया है जिसमें भारत के तीन खिलाड़ियां के अलावा ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, पाकिस्तान और इंग्लैंड के दो दो खिलाड़ी शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका के मोर्ने मोर्कल को भी टीम में जगह मिली है।
ऑस्ट्रेलिया के माइकल क्लार्क और शेन वाटसन, पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी और सईद अजमल, इंग्लैंड के एलिस्टेयर कुक और स्टीवन फिन तथा श्रीलंका के कुमार संगकारा और लसिथ मलिंगा इस टीम के सदस्य हैं।
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड रिचर्डसन ने यहां कोलंबो के वाटर्स एज में होने वाले एलजी आईसीसी पुरस्कार समारोह से पहले एक विशेष समारोह में टीम की घोषणा की। लायड के अलावा पैनल के अन्य सदस्य श्रीलंका के पूर्व कप्तान मर्वन अटापट्टू, वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान कार्ल हूपर, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व आलराउंडर टाम मूडी और इंग्लैंड की महिला टीम की पूर्व कप्तान क्लेयर ओ कोनोर थीं।
आईसीसी की साल की सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय टीम इस प्रकार है, बल्लेबाजी क्रम के अनुसार:- गौतम गंभीर (भारत), एलिस्टेयर कुक (इंग्लैंड), कुमार संगकारा (श्रीलंका), विराट कोहली (भारत), महेंद्र सिंह धोनी (भारत, विकेटकीपर, कप्तान), माइकल क्लार्क (ऑस्ट्रेलिया), शाहिद अफरीदी (पाकिस्तान), मोर्ने मोर्कल (दक्षिण अफ्रीका), स्टीवन फिन (इंग्लैंड), लसिथ मलिंगा (श्रीलंका), सईद अजमल (पाकिस्तान), 12वां खिलाड़ी (शेन वाटसन, ऑस्ट्रेलिया)।
First Published: Saturday, September 15, 2012, 10:15