Last Updated: Tuesday, July 31, 2012, 16:25

लंदन : लंदन ओलम्पिक में बुधवार को भारत का अगला ग्रुप मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। नीदरलैंड के हाथों अपना पहला मुकाबला गंवाने के बाद उस पर यह मैच जीतने का खासा दबाव है। नीदरलैंड्स ने भारत को सोमवार को 3-2 से हराया था।
न्यूजीलैंड हॉकी टीम के ओलम्पिक सफर की शुरुआत भी जीत से नहीं हुई है। उसे अपने शुरुआती मुकाबले में कोरिया के हाथों से हार झेलनी पड़ी है।
पहले मैच में भारतीय टीम के प्रदर्शन को देखते हुए वह न्यूजीलैंड से बेहतर दिख रही है। वही किवी टीम को इस वर्ष की शुरुआत में हुई सुल्तान अजलान शाह कप में भारत के खिलाफ 5-1 से जीत हासिल करने का मनोवैज्ञानिक फायदा जरूर मिलेगा।
न्यूजीलैंड टीम में ओलम्पिक के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन उसने तेजतरार हॉकी खेलने वाले कोरिया के खिलाफ अधिक मैच नहीं खेल थे। मलेशिया में उसे कोरिया के हाथों 1-0 से हार का सामना करना पड़ा था।
पहले मुकाबले में भारतीय टीम की अग्रिम पंक्ति ने बढ़िया खेल दिखाया लेकिन उसके फारवर्डस को मैच जीतने के लिए अधिक आक्रामक शैली में खेलने की जरूरत है।
इतिहास गवाह है कि भारतीय टीम कभी भी अच्छी शुरुआत नहीं कर पाई है, लेकिन अगर उन्हें पदक की दौड़ में बने रहना है, तो उसे प्रारम्भिक दौर में अंक बनाने का कोई मौका नहीं खोना चाहिए।
भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए न्यूजीलैंड के अलावा पूर्व चैम्पियन जर्मनी, कोरिया और बेल्जियम की टीमों से भिड़ना है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, July 31, 2012, 16:25