Last Updated: Thursday, March 28, 2013, 13:43

क्राइसचर्च : क्राइसचर्च में बुधवार को हुए दो विवादों में न्यूजीलैंड के क्रिकेट खिलाड़ी जैसी राइडर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस का मानना है कि राइडर पर कुछ लोगों ने हमला किया। उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह कोमा में चले गए हैं। हमला करने वालों की पहचान अभी हो नहीं पाई है।
स्थानीय पुलिस का मानना है कि राइडर पर दो बार हमला किया गया। दूसरे हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आने के कारण उन्हें सघन चिकित्सा कक्ष में भर्ती किया गया है। पहली घटना रात करीब 12.30 बजे क्राइसचर्च के बार 'अकमैन' के बाहर हुई, जहां राइडर अपनी टीम के साथी खिलाड़ियों और मित्रों के साथ क्रिकेट सत्र की समाप्ति का जश्न मनाने पहुंचे थे।
इसके कुछ मिनटों बाद एक रेस्तंरा के बाहर गाड़ियों के पार्किं ग स्थल पर दूसरी घटना हुई, जहां राइडर के साथी खिलाड़ी खाने का आर्डर देने गए थे। एक बेवसाइट अनुसार, डिटेक्टिव सर्जिअंट ब्रायन आर्कर ने संवाददाताओं को बताया कि क्राइसचर्च के एक बार 'अकमैन' के बाहर फुटपाथ पर राइडर का एक लोगों के समूह के साथ विवाद हुआ। इस समूह में दो पुरुष थे। यह काफी बड़ा विवाद था। आर्कर के मुताबिक, इसके बाद राइडर और वे दोनों व्यक्ति उस रेस्तंरा की ओर चले गए, जहां पर राइडर के साथी खिलाड़ी खाने का आर्डर देने गए थे। यहां पर एक बार फिर राइडर का विवाद हुआ। इस विवाद में एक व्यक्ति वही था, जिसका राइडर से चंद मिनट पहले विवाद हुआ था।
ऐसा लग रहा है कि दूसरे विवाद में राइडर गंभीर हमले का शिकार हुए, जिसके कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। रात करीब 12.44 बजे पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया गया और राइडर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल की ओर से बताया गया है कि उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। कई चोटें लगने का कारण वह कोमा में चले गए हैं। आर्कर ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिन लोगों ने हमला किया है, उनकी पहचान नहीं हो पाई है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, March 28, 2013, 10:04