Last Updated: Saturday, June 8, 2013, 00:22
ज़ी मीडिया ब्यूरोपुणे : तीरंदाजी ट्रेनिंग कैंप में एक सेक्स स्केंडल का खुलासा हुआ है। पुणे में आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट (एएसआई) में आयोजित राष्ट्रीय शिविर में एक पुरूष तीरंदाज को साथी महिला तीरंदाज के कमरे में आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। द टेलीग्राफ में प्रकाशित खबर के अनुसार दोनों ही तीरंदाज झारखंड के रहने वाले हैं। एएसआई ने दोनों ही खिलाड़ियों को कैंप से तत्काल प्रभाव से निकाल दिया। यह कैंप तुर्की में 10 से 19 जून को प्रस्तावित तीरंदाजी वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए लगाया गया है।
यह सनसनीखेज घटना तब उजागर हुआ जब बीते दिनों असम की तीरंदाज प्रतिमा बोरो के आत्महत्या करने के बाद एएसआई प्रशासन ने हॉस्टल में चेकिंग अभियान के तहत 2 जून को दोपहर में अचानक खिलाड़ियों के कमरे की तलाशी ली। इसी दौरान पुरूष खिलाड़ी महिला खिलाड़ी के कमरे में आपत्तिजनक अवस्था में था। दोनों खिलाड़ियों को घटना के तुरंत बाद शनिवार को कैंप से गुपचुप रवाना कर दिया गया।
बताया जाता है कि पुरूष खिलाड़ी लोहरदग्गा और महिला खिलाड़ी बोकारो की रहने वाली है। भारतीय तीरंदाजी संघ से शिकायत के बाद दोनों खिलाड़ियों पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में खेलने पर पाबंदी लगा दी गई है। यह मामला अनुशासन समिति के पास भी भेजा गया है।
First Published: Friday, June 7, 2013, 23:57