Last Updated: Friday, July 12, 2013, 12:35

पोर्ट आफ स्पेन : कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फिनिशर में से एक होने का एक और नजारा पेश करते हुए देर रात त्रिकोणीय श्रृंखला के रोमांचक फाइनल में भारत को श्रीलंका पर एक विकेट की जीत दिला दी।
भारत ने श्रीलंका को 201 रन पर समेटने के बाद कुछ विषम परिस्थितियों से उबरते हुए धोनी (52 गेंद में 45 रन) की नाबाद पारी की मदद से दो गेंद शेष रहते नौ विकेट पर 203 रन बनाकर मैच जीत लिया।
श्रीलंका के 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को क्वींस पार्क ओवल में अंतिम ओवर में जीत के लिए 15 रन की दरकार थी और ऐसे में मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से उबरकर टीम में वापसी करने वाले धोनी ने शमिंदा इरांगा पर दो छक्के और एक चौका जड़कर चार गेंद में ही भारत को जीत दिला दी। चैम्पियन्स ट्राफी विजेता भारत ने इस तरह 50 ओवर के प्रारूप में अपना दबदबा जारी रखा है।
इससे पहले धोनी उस समय क्रीज पर उतरे जब सुरेश रैना (32) का विकेट गंवाने के बाद भारत 35 ओवर में पांच विकेट पर 145 रन बनाकर संकट में था। धोनी ने इसके बाद निचले क्रम के साथ अहम रन जोड़े। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के मारे।
श्रीलंका की ओर से रंगना हेराथ ने 20 रन देकर चार विकेट चटकाए लेकिन धोनी ने धर्य नहीं खोया और अंत में अहम पारी खेलकर श्रीलंका को स्तब्ध कर दिया। भारत की ओर से रोहित शर्मा ने 89 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 58 रन बनाए। रैना ने 27 गेंद में 32 रन की पारी खेली। (एजेंसी)
First Published: Friday, July 12, 2013, 10:23