फिर चला छेत्री का जादू, भारत ने मालदीव को हराया

फिर चला छेत्री का जादू, भारत ने मालदीव को हराया

फिर चला छेत्री का जादू, भारत ने मालदीव को हराया नई दिल्ली : स्टार स्ट्राइकर सुनील छेत्री के दो गोलों और डिफेंडर सैयद नबी द्वारा किए गए एक गोल की बदौलत भारतीय टीम ने नेहरू कप फुटबॉल टूर्नामेंट के अपने दूसरे मुकाबले में शनिवार को मालदीव को 3-0 से पराजित कर दिया। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों से छह अंक हासिल कर लिए हैं और अंक तालिका में अपने ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच गई है। इस प्रतियोगिता में यह भारत की लगातार दूसरी जीत है। पहले मुकाबले में उसने सीरिया को पराजित किया था।

भारत के नए कोच विम कोवरमैंस की अगुवाई में खेल रही भारतीय टीम ने मालदीव के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। खासकर दूसरे हाफ ने भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया। छेत्री ने पहले हाफ के आखिरी मिनट में भारत के लिए पहला गोल दागा। उन्होंने यह गोल पेनाल्टी के जरिए किया। उन्होंने कोई मौका नहीं गंवाया और गोल करके भारतीय टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। भारत की ओर से दूसरा गोल नबी ने 52वें मिनट में किया। कोर्नर से लगाए गए शॉट को उन्होंने शानदार हेडर के जरिए गोल में तब्दील किया। इसके बाद छेत्री ने 70वें मिनट एक और गोल कर भारत को 3-0 की बढ़त दिला दी, जो अंत तक कायम रही। छेत्री ने हेडर के जरिए शानदार गोल किया। यह इस प्रतियोगिता में उनका तीसरा गोल था।

इससे पहले दोनों टीमें पिछली बार दिसंबर में सैफ कप के सेमीफाइनल में एक दूसरे से भिड़ी थी जिसमें भारत ने 3-1 से आसान जीत दर्ज की थी। भारत ने जहां टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में अपने से ऊंची रैकिंग पर काबिज सीरिया को 2-1 से पराजित कर शानदार आगाज किया था। वहीं, मालदीव ने गुरुवार को नेपाल को 2-1 से शिकस्त दी थी। भारत ने 2007 और 2009 में नेहरू कप का खिताब बाईचुंग भूटिया की कप्तानी में अपने नाम किया था और अब कि छेत्री की कप्तानी में भारत खिताबी हैट्रिक लगाने में सफल हो, उम्मीद की जा रही है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, August 26, 2012, 00:11

comments powered by Disqus